इंदौर में बेकाबू 'पीएम ई-बस' ने चार राहगीरों को रौंदा, एक की मौत; उग्र भीड़ ने किया पथराव
इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में एक बेकाबू पीएम ई-बस ने चार लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक की मौके पर ...और पढ़ें

ई-बस ने राहगीरों को कुचला, लोगों ने की तोड़फोड़।
HighLights
इंदौर के राजवाड़ा में बेकाबू पीएम ई-बस से हादसा।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत, दो गंभीर घायल हुए।
गुस्साई भीड़ ने बस पर पथराव किया, पुलिस ने स्थिति संभाली।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राजवाड़ा क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक बेकाबू पीएम ई-बस ने सड़क से गुजर रहे चार लोगों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मृतक और घायलों की पहचान करने में जुटी है।
अनियंत्रित बस ने राहगीरों को लिया चपेट में
एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिसौदिया के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह बस चालक की गफलत और लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि अचानक अनियंत्रित हुई बस सड़क पर जा रहे लोगों से जा टकराई। देखते ही देखते चार लोग बस की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों का उपचार जारी है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मृतक व घायलों की पहचान की कोशिश कर रही है।

भड़का लोगों का गुस्सा, बस पर पथराव
दुर्घटना के बाद राजवाड़ा क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने पहले बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद भीड़ ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे उसके कांच टूट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने भीड़ को मौके से हटाया और बस को अपने कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारण और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
