खरगोन: गणेश पंडाल में गरबा के दौरान हिंसक टकराव, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला; दो गंभीर घायल
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के जेतगढ़ गांव में गणेश पंडाल में गरबा नृत्य के दौरान दो पक्षों में हिंसक ...और पढ़ें

गणेश पंडाल में विवाद के बाद मची अफरा-तफरी।
HighLights
भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जेतगढ़ में हुई वारदात।
लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला, दो लोग घायल।
पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जेतगढ़ में गणेश पंडाल में गरबा नृत्य के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। बुधवार रात हुए विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने पंडाल में पहुंचकर दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पंडाल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि उपद्रव के दौरान कई दोपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने होकर लाठी-डंडे लहराते और पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं।
गरबा के दौरान भिड़े दोनों पक्ष, जमकर हुई पत्थरबाजी
जानकारी के अनुसार, ग्राम जेतगढ़ के गणेश पंडाल में गरबा नृत्य का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
वायरल वीडियो में लोग एक-दूसरे पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे लहराते और पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान पंडाल परिसर में खड़े कई दोपहिया वाहनों को भी निशाना बनाया गया। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
दो घायलों को जिला अस्पताल भेजा
मारपीट और पथराव की सूचना मिलते ही भीकनगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला चिकित्सालय खरगोन रेफर किया गया।
तीन आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उपद्रव में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस घटना के मूल कारणों की जांच कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर विवाद में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।
