खंडवा के कॉलेज में गंदे पानी और अव्यवस्थाओं पर भड़के छात्र, सड़क पर बैठकर किया चक्काजाम; दो घंटे प्रदर्शन से यातायात प्रभावित
खंडवा के एसएन कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने साफ पानी की ...और पढ़ें

सड़क पर प्रदर्शन करते छात्र।
HighLights
एसएन कॉलेज में एबीवीपी ने अव्यवस्थाओं पर विरोध किया।
साफ पानी, नियमित कक्षाएं न होने पर छात्र नाराज।
सड़क पर बैठकर दो घंटे तक किया चक्काजाम।
डिजिटल डेस्क, खंडवा। एसएन कॉलेज की अव्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। साफ पेयजल की कमी, समय पर कक्षाएं नहीं लगने और कॉलेज परिसर में असामाजिक तत्वों की आवाजाही के विरोध में कार्यकर्ताओं ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान छात्र सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। इससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।
पानी की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में विद्यार्थियों को साफ पेयजल उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका आरोप है कि कॉलेज में मिलने वाले पानी की गुणवत्ता ठीक नहीं है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि जब प्राचार्य को पानी दिया गया तो उन्होंने भी उसे नहीं पिया। इसे लेकर विद्यार्थियों ने पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और पीने के लिए सुरक्षित पानी उपलब्ध कराने की मांग की।
परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही से नाराजगी
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लगने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि लेक्चर समय पर नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही कॉलेज परिसर में असामाजिक तत्वों की आवाजाही का मुद्दा उठाते हुए शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाने की मांग की गई।
विद्यार्थियों के मुताबिक, कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी और व्यवस्थागत अनियमितताओं के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बार-बार ज्ञापन के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कॉलेज प्रबंधन को पहले भी कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते सोमवार को प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने से यातायात प्रभावित हुआ। कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रबंधन से जल्द समस्याओं का निराकरण करने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, नियमित कक्षाएं संचालित करने और परिसर में बाहरी व असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
