खंडवा में नवरात्र से पहले हादसा: हाईवे पर हाईटेंशन लाइन से टकराई मातारानी की मूर्ति; 3 युवक झुलसे
खंडवा में नवरात्र के लिए बुरहानपुर से लाई जा रही मातारानी की विशाल प्रतिमा हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में ...और पढ़ें

एचटी लाइन की चपेट में आकर मातारानी की मूर्ति झुलसी।
HighLights
मातारानी की प्रतिमा हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आई।
प्रतिमा में आग लगी और वह बुरी तरह झुलस गई।
हादसे में तीन युवक घायल, खंडवा अस्पताल में भर्ती।
डिजिटल डेस्क, खंडवा। नवरात्र की तैयारियों के बीच मध्य प्रदेश के खंडवा में शुक्रवार को एक हादसा हो गया। बुरहानपुर से खंडवा के टपाल चला स्थित पंडाल में स्थापना के लिए लाई जा रही मातारानी की विशाल प्रतिमा मोकल गांव के पास हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। करंट के संपर्क में आते ही चिंगारियां उठने से प्रतिमा में आग लग गई और वह झुलस गई। हादसे में तीन युवक भी झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाईटेंशन लाइन से टकराई प्रतिमा
घटना नेशनल हाईवे पर मोकल गांव के टोल टैक्स के पास कालका ढाबे से पहले की बताई जा रही है। प्रतिमा को ट्राली पर रखकर बुरहानपुर से खंडवा लाया जा रहा था। इसी दौरान ट्राली पर रखी प्रतिमा हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते प्रतिमा में आग लग गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्राली में ट्यूब वाले टायर लगे होने के कारण उस पर सवार लोग सीधे करंट की चपेट में आने से बच गए। हालांकि, हादसे में तीन युवक झुलस गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
प्रतिमा में आग लगने की सूचना मिलते ही छैगांव माखन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए खंडवा से दमकल वाहन बुलाया गया। वहीं, बिजली कंपनी को सूचना देकर हाईटेंशन लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद कराने के लिए कहा गया, ताकि राहत और बचाव कार्य के दौरान कोई अन्य हादसा न हो।
यह भी पढ़ें- सहमति से तलाक में छह माह का इंतजार जरूरी नहीं... टूटे दांपत्य रिश्ते पर MP हाई कोर्ट का अहम निर्णय
घायल युवकों से मिलने अस्पताल पहुंचीं विधायक
हादसे में घायल युवकों को खंडवा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों के उपचार की जानकारी ली।
नवरात्र में स्थापना के लिए लाई जा रही प्रतिमा के साथ हुए इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिमा के परिवहन के दौरान हाईटेंशन लाइन से पर्याप्त दूरी रखी गई थी या नहीं और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
