विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान भाजपा नेता के दो बेटे खदान में डूबे, रेस्क्यू टीम तलाश में जुटी; 3 किशोरों को ग्रामीणों ने बचाया

Published: Fri, 25 Sep 2026 09:28 PM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 09:41 PM (IST)

खंडवा के नाहल्दा गांव में गणेश विसर्जन के दौरान एक गिट्टी खदान में डूबने से भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मोंटू ठाकुर ...और पढ़ें

खदान में डूबे दो सगे भाइयों की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम।

खदान में डूबे दो सगे भाइयों की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम।

HighLights

  1. ग्राम नाहल्दा में गणेश विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ।

  2. भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के दो बेटे खदान में डूबकर लापता।

  3. रेस्क्यू टीम गहरे पानी में तलाश में जुटी, करीब 40 फीट गहरी खदान।

डिजिटल डेस्क, खंडवा। अनंत चतुर्दशी पर खंडवा जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर ग्राम नाहल्दा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के पानी से भरी गिट्टी खदान में डूबने से दो सगे भाई लापता हो गए। दोनों अपने दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे थे। हादसे के दौरान तीन किशोरों को ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन दोनों भाई गहरे पानी में समा गए। देर शाम तक गोताखोरों की टीम नाव और अन्य संसाधनों की मदद से उनकी तलाश में जुटी रही।

लापता किशोरों की पहचान ग्राम नाहल्दा निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मोंटू ठाकुर के बेटे विश्वास (17) और लक्ष्य (16) के रूप में हुई है। बताया गया कि शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों अपने साथियों के साथ खदान में गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए।

बड़े भाई को बचाने की कोशिश में छोटा भी डूबा

पूर्व सरपंच कैलाश हरि पटेल के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान विश्वास का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए अन्य किशोर आगे बढ़े, लेकिन वे भी डूबने लगे। इसी दौरान विश्वास के साथ उसका भाई लक्ष्य भी पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने तीन किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

40 फीट गहरी है खदान

हादसे की सूचना के बाद गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। शाम करीब 7:30 बजे तक नाव और अन्य उपकरणों की मदद से खदान में तलाश जारी रही। खदान की गहराई करीब 40 फीट बताई गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पर्याप्त गोताखोरों की टीम समय पर नहीं पहुंची। वहीं, होमगार्ड कमांडेंट आशीष कुशवाह ने कहा कि सूचना मिलने के 15 मिनट के भीतर टीम रवाना कर दी गई थी।

सड़क निर्माण के लिए गहरी खोदाई का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक, खदान में सड़क निर्माण के लिए गिट्टी निकालने के उद्देश्य से अवैध रूप से गहरी खोदाई की गई थी। बारिश के कारण इसमें पानी भर गया था, जो हादसे की वजह बना।

यह भी पढ़ें- MP के बदनावर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद डैम में नहाने उतरे 3 दोस्त, गहरे पानी में डूबने से तीनों की मौत

बच्चों की तलाश में पिता ने भी लगाई पानी में छलांग

दोनों बेटों के डूबने की खबर से परिवार में मातम छा गया। पिता मोंटू ठाकुर ने बताया कि बच्चे घर से निकलने के बाद काफी देर तक वापस नहीं आए तो उन्होंने उनसे संपर्क करने की कोशिश की। इसके बाद जब वे खदान पर पहुंचे, तब दोनों के डूबने की जानकारी मिली। बेटों की तलाश में उन्होंने खुद भी पानी में छलांग लगाई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। देर शाम तक दोनों किशोरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था।