विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के बदनावर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद डैम में नहाने उतरे 3 दोस्त, गहरे पानी में डूबने से तीनों की मौत

Published: Fri, 25 Sep 2026 08:30 PM (IST)

धार जिले के बदनावर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद बागेड़ी नदी के डैम में नहाने उतरे तीन दोस्तों की ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद तीन दोस्त डैम में डूबे।

  2. बदनावर के बागेड़ी नदी डैम में हुआ दर्दनाक हादसा।

  3. एक नाबालिग सहित तीनों को मृत घोषित किया गया।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। प्रदेश के धार जिले में स्थित बदनावर कस्बे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद हुए हादसे में तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक नाबालिग है। शुक्रवार को तीनों दोस्त डेलची रोड स्थित बागेड़ी नदी पर बने डैम में नहाने उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे की खबर से बदनावर में शोक की लहर फैल गई।

मृतकों की पहचान राहुल पिता मुकेश प्रजापत (20) और निहाल पिता मुकेश भाम्बी (16), दोनों निवासी सरस्वती कॉलोनी, बदनावर तथा पवन उर्फ कान्हा पिता भंवरलाल राठौड़ (18), निवासी भेरूउखलिया के रूप में हुई है।

गहरे पानी में समा गए

जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बागेड़ी नदी के डैम पर पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के बाद वे नहाने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।

उनके डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों ने पानी में उतरकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नाबालिग समेत तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन दोस्तों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

यह भी पढ़ें- सीहोर में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा, पानी से भरी खदान में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत

अधिकारियों ने ली घटना की जानकारी 

हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका मीनाक्षी, तहसीलदार सुरेश नगर और सीएमओ विकास डाबर सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।