विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खजराना मंदिर गर्भगृह में नियम तोड़े, विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ा; गार्डों पर कार्रवाई

Published: Sun, 29 Nov 2026 03:38 PM (IST)

इंदौर के खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में अनधिकृत प्रवेश पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को चेतावनी पत्र जारी किया गया है, जबकि सुरक्षा एजेंसी और मंदिर कर्मचारियों पर कार्रवाई हो रही है। मंदिर प्रबंधन अब दर्शन व्यवस्था को सख्त कर रहा है, जिसमें निगरानी अधिकारी नियुक्त करना, गार्ड बढ़ाना और वीआईपी सिफारिशों पर रोक लगाना शामिल है।

खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला। (वीडियो ग्रैब)

खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. खजराना मंदिर गर्भगृह में अनधिकृत प्रवेश पर प्रशासन की कार्रवाई शुरू।

  2. विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला को सिर्फ चेतावनी पत्र जारी किया गया।

  3. सुरक्षा एजेंसी, गार्ड और मंदिर कर्मचारियों पर होगी सख्त कार्रवाई।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में नियमों को दरकिनार कर प्रवेश करने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसी, गार्ड और मंदिर के जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को फिलहाल सिर्फ चेतावनी पत्र जारी किया जाएगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि गर्भगृह में उनका प्रवेश नियमों के विपरीत था और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की हिदायत दी जाएगी।

मंदिर में वीआईपी दर्शन के नाम पर बिना रसीद प्रवेश, गर्भगृह तक अनधिकृत पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था में हस्तक्षेप की शिकायतों के बाद प्रबंधन अब व्यवस्था को नए सिरे से सख्त करने जा रहा है। इसके लिए निगरानी अधिकारी नियुक्त करने के साथ सुपरवाइजर और सुरक्षा गार्डों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

वीआईपी के दबाव में बिना रसीद दर्शन कराने पर रोक

खजराना गणेश मंदिर में सशुल्क दर्शन की व्यवस्था है, लेकिन आरोप है कि पुजारियों और प्रभावशाली लोगों के दबाव में कई श्रद्धालुओं को बिना रसीद ही मूषक हाल और गर्भगृह तक प्रवेश करा दिया जाता है। फोन पर सिफारिश के जरिए गार्डों को प्रवेश देने के निर्देश मिलते हैं, जिससे निर्धारित शुल्क की वसूली नहीं हो पाती और मंदिर की आय को भी नुकसान पहुंचता है।

इस व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए आउटसोर्स कंपनी का एक अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। वह मंदिर प्रबंधन के समन्वय से प्रवेश व्यवस्था, सशुल्क दर्शन की रसीद और नियमों के पालन पर नजर रखेगा। अधिकारी सीधे मंदिर प्रबंधन को रिपोर्ट करेगा, ताकि बिना अनुमति किसी को प्रवेश न दिया जा सके।

दो नए गार्ड तैनात, चार जिम्मेदारों को नोटिस

अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए मंदिर में एक सुपरवाइजर और दो अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और वीआईपी दर्शन के नाम पर नियम तोड़ने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंदिर प्रबंधन ने दो पुजारियों, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को नोटिस जारी किया है।

सभी से सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद प्रशासन आगे की कार्रवाई तय करेगा। संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर जुर्माना भी लगाया गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा है कि गर्भगृह में अनधिकृत प्रवेश के मामले में जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

अब बदलेगा काउंटर और प्रवेश का तरीका

वर्तमान व्यवस्था में 100 रुपये की रसीद कटवाकर श्रद्धालु मूषक हाल से भगवान गणेश के दर्शन कर सकते हैं। रसीद काउंटर मंदिर के पीछे प्रवेश वाले हिस्से में है, जबकि प्रवेश और निकासी द्वार पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। प्रबंधन का मानना है कि मौजूदा व्यवस्था में निगरानी प्रभावी नहीं हो पा रही है।

मंदिर के सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा के अनुसार, रसीद से प्रवेश वाले स्थान पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही रसीद काटने के काउंटर की जगह भी बदली जाएगी, ताकि प्रवेश और शुल्क व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सके।

यह भी पढ़ें- खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला की एंट्री पर एक्शन, पुजारी-सुरक्षाकर्मी समेत 5 पर कार्रवाई

पुजारियों और वीआईपी की सिफारिशों पर भी होगी निगरानी

मंदिर में कई पुजारी अपने परिचित श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए सुरक्षा गार्डों को फोन करते हैं। आरोप है कि ऐसे मामलों में निर्धारित रसीद कटवाए बिना ही प्रवेश दे दिया जाता है। प्रबंधन अब इस तरह की सिफारिशों पर भी सख्ती करेगा।

मंदिर प्रशासन का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को पारदर्शी बनाना, अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाना और शुल्क से होने वाली आय में किसी तरह की गड़बड़ी रोकना है। अब सवाल यह है कि नई निगरानी व्यवस्था लागू होने के बाद वीआईपी सिफारिशों और बिना रसीद दर्शन पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।