विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर में महिला पार्षद पर टिप्पणी से सियासी बवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जताया खेद; बोले- ‘वो मेरी बेटी जैसी’

Published: Tue, 22 Sep 2026 05:33 PM (IST)

इंदौर में भाजपा की महिला पार्षद पर टिप्पणी को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खेद जताया है। उन्होंने ...और पढ़ें

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय। (फाइल फोटो)

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने महिला पार्षद पर टिप्पणी पर खेद जताया।

  2. विजयवर्गीय ने कहा कि संबंधित महिला पार्षद उनकी बेटी जैसी हैं।

  3. उन्होंने कांग्रेस पर बयान को गलत संदर्भ में पेश करने का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा की महिला पार्षद की शारीरिक बनावट को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार को खेद जताया है। उन्होंने कहा कि संबंधित महिला पार्षद उनके विधानसभा क्षेत्र की हैं और उन्हें बेटी की तरह मानते हैं। उनका कहना है कि टिप्पणी का उद्देश्य उनका अपमान करना नहीं था।

विजयवर्गीय ने अपने स्पष्टीकरण में यह भी कहा कि उनके बयान को कांग्रेस नेताओं ने अलग संदर्भ में पेश किया। विवादित टिप्पणी रविवार को इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के वार्ड-6 में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सामने आई थी। कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने पार्षद संध्या यादव के काम की तारीफ करते हुए उनकी शारीरिक बनावट को लेकर टिप्पणी की। 

मंच पर मौजूद पार्षद यादव और अन्य भाजपा नेता इस टिप्पणी पर हंसते हुए दिखे। बाद में विजयवर्गीय ने सांसद शंकर लालवानी का उल्लेख करते हुए यह भी कह दिया कि सांसद निधि से वे फंड भी संध्या यादव को ज्यादा देते हैं दूसरे पार्षदों को नहीं। विजयवर्गीय के बोलने के अंदाज और शब्दों को लेकर जमकर बवाल मचा।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद

कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने टिप्पणी पर आपत्ति जताई और इसे महिला जनप्रतिनिधि की शारीरिक बनावट से जोड़कर सवाल उठाए। इसके बाद विजयवर्गीय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई। दूसरी ओर, भाजपा की ओर से कहा गया कि टिप्पणी को गलत संदर्भ में पेश किया गया।

विवाद के बीच विजयवर्गीय ने वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि संध्या यादव को उन्होंने बचपन से देखा है और उनके बीच पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों से जो विवाद खड़ा हुआ, उससे उन्हें दुख हुआ और वे इस पर खेद प्रकट करते हैं।

यह भी पढ़ें- महिला पार्षद पर विवादित टिप्पणी को लेकर घिरे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कांग्रेस ने की माफी और इस्तीफे की मांग

महिला पार्षद ने भी जारी किया बयान

विजयवर्गीय के बयान के बाद भाजपा पार्षद संध्या यादव ने भी अलग वीडियो जारी किया। उन्होंने विजयवर्गीय को पिता तुल्य बताते हुए कहा कि दोनों के बीच पिता-पुत्री जैसा रिश्ता है। उन्होंने लोगों से वायरल वीडियो और उसके आधार पर चल रही खबरों को लेकर भ्रमित नहीं होने की अपील की।