महिला पार्षद पर विवादित टिप्पणी को लेकर घिरे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कांग्रेस ने की माफी और इस्तीफे की मांग
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की इंदौर में एक महिला पार्षद पर की गई टिप्पणी पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। ...और पढ़ें

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा।
HighLights
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की महिला पार्षद पर टिप्पणी से विवाद।
कांग्रेस ने माफी और इस्तीफे की मांग की, बताया अपमानजनक।
भाजपा ने टिप्पणी को पितृवत स्नेह कहकर बचाव किया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की इंदौर में एक महिला पार्षद को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। सार्वजनिक कार्यक्रम का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इसे महिला के शारीरिक रूप-रंग पर टिप्पणी बताते हुए मंत्री से माफी मांगने की मांग की है।
वायरल वीडियो के बाद गरमाया मामला
मामला रविवार को इंदौर के वार्ड क्रमांक-6 में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम का है। वायरल वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय महिला पार्षद का जिक्र करते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि 'दीदी की भी चौड़ाई थोड़ी बढ़ गई है।' वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर इस टिप्पणी को लेकर चर्चा तेज हो गई।
कांग्रेस ने मंत्री की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे महिला सम्मान से जोड़कर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक मंच से किसी महिला की शारीरिक बनावट को लेकर इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है।
पीसी शर्मा बोले- महिलाओं और आमजन से मांगें माफी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने विजयवर्गीय की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उनसे महिलाओं और आम जनता से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और कई बार मंत्री रह चुके हैं, इसलिए सार्वजनिक मंचों पर उनके शब्दों को लेकर अतिरिक्त सावधानी अपेक्षित है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी से भाजपा के महिला सम्मान संबंधी दावों पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने विजयवर्गीय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
कांग्रेस ने उठाई इस्तीफे की मांग
कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने भी विजयवर्गीय पर निशाना साधते हुए राज्य सरकार से उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला पार्षद को लेकर की गई टिप्पणी आपत्तिजनक है और सरकार को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए।
वहीं, इस विवाद पर भाजपा की ओर से सामने आए पक्ष में कहा गया है कि विजयवर्गीय की टिप्पणी को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी आलोक दुबे ने दावा किया कि संबंधित महिला पार्षद को विजयवर्गीय बेटी की तरह मानते हैं और टिप्पणी पितृवत स्नेह के संदर्भ में की गई थी।
