जलगांव में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और 3 मासूमों समेत 6 की मौत, बुरहानपुर से मजदूरी करने महाराष्ट्र आया था परिवार
महाराष्ट्र के जलगांव में हुए भीषण सड़क हादसे में बुरहानपुर के एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, बुरहानपुर। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में गुरुवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। मालदाभाड़ी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी तीन मासूम संतानें और परिवार का एक अन्य सदस्य शामिल है। सभी लोग एक ही बाइक पर सवार थे।
हादसे में जान गंवाने वाला परिवार मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के मालची टांडा गांव का रहने वाला था। परिवार के लोग महाराष्ट्र में खेतों में मजदूरी करने के लिए गए थे। दुर्घटना बुरहानपुर से करीब 150 किलोमीटर दूर हुई। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
तीन महीने के मासूम समेत तीन बच्चों की मौत
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम मालदाभाड़ी गांव के पास ट्रक और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में रामा सुरशिंग भिलाला (26), उनकी पत्नी शिमला रामा भिलाला (22), पांच वर्षीय बेटी पूजा, तीन वर्षीय बेटी भारती और तीन महीने का बेटा श्रवण शामिल हैं। इनके अलावा परिवार के चंपालाल रेवणसिंग भिलाला (28) की भी हादसे में मौत हो गई।
एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से परिजनों और गांव के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर जलगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। ट्रक चालक की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गांव में पसरा मातम
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने के लिए महाराष्ट्र गए परिवार के छह सदस्यों की एक साथ मौत की खबर ने मालची टांडा गांव को गमगीन कर दिया है। हादसे में दंपती के साथ उनके तीन छोटे बच्चों की जान जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
