इंदौर-भोपाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा: टायर फटते ही पलटी SUV, महिला समेत दो की मौत, 10 घायल
इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर सोनकच्छ के पास एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई और ...और पढ़ें

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त एसयूवी।
HighLights
इंदौर-भोपाल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत।
तेज रफ्तार एसयूवी का टायर फटने से वाहन पलटा।
हादसे में तीन बच्चों सहित कुल 10 लोग घायल हुए।
डिजिटल डेस्क, देवास। इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए। हादसा सोनकच्छ से आगे सीहोर जिले के जावर थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार एसयूवी का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलटी खा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि वाहन सड़क पर पलटने के बाद उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार गूंज उठी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को देवास जिले के सोनकच्छ स्थित शासकीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 38 वर्षीय मयूरेश गर्ग और 51 वर्षीय संगीता अग्रवाल को मृत घोषित कर दिया। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
हादसे में सुनील अग्रवाल, शर्मिला गर्ग, सुरभि अग्रवाल, पलक अग्रवाल, रिमी अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल, स्वप्निल गर्ग सहित दो वर्षीय दुर्विक गर्ग, 10 वर्षीय कनव गर्ग और एक अन्य डेढ़ वर्षीय बच्चा घायल हुआ है। घायलों का उपचार जारी है।
सीहोर जिले के डीएसपी हेमंत पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन का टायर फटने से चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद एसयूवी पलट गई। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- खरगोन में लड़की को भगाने में मदद के शक में बर्बरता: युवक के पिता की पीट-पीटकर हत्या, सात गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, वाहन में सवार लोग इंदौर और सेंधवा के निवासी थे। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ लोग प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के परिचित हैं।
