विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब बिना जंगल जाए पाएं जंगल सफारी का रोमांच, इंदौर जू में शुरू हुआ देश का पहला 14-D वर्चुअल थिएटर; CM मोहन ने किया लोकार्पण

Published: Sun, 16 Aug 2026 05:33 PM (GMT+05:30)

इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में भारत का पहला 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

सीएम डॉ. मोहन यादव ने 14डी वर्चुअल जू का शुभारंभ किया। (फोटो- जागरण)

सीएम डॉ. मोहन यादव ने 14डी वर्चुअल जू का शुभारंभ किया। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. भारत का पहला 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर इंदौर में।

  2. बारिश, हवा, कोहरे और हिलती सीटों से मिलेगा वास्तविक अनुभव।

  3. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तोते उड़ाकर किया लोकार्पण।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। वन्यजीव प्रेमियों के लिए इंदौर से बड़ी खबर है। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में अब जंगल सफारी का रोमांच बिना जंगल जाए महसूस किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अनोखे अंदाज में तोते उड़ाकर देश के पहले 14-D वर्चुअल जंगल सफारी थिएटर का लोकार्पण किया। नई तकनीक से तैयार इस थिएटर में दर्शक केवल जंगल और वन्यजीवों को स्क्रीन पर देखेंगे ही नहीं, बल्कि बारिश, हवा, कोहरे और सीटों की हलचल के जरिए पूरे अनुभव को महसूस भी करेंगे।

14 इफेक्ट्स का रोमांच

14-D थिएटर की सबसे खासियत इसमें इस्तेमाल किए गए 14 तरह के सेंसरियल इफेक्ट्स हैं। शो के दौरान स्क्रीन पर बारिश का दृश्य आते ही दर्शकों पर पानी की बूंदें गिरेंगी। कहीं हवा के झोंके महसूस होंगे तो कहीं कोहरा और बुलबुले रोमांच बढ़ाएंगे। दृश्यों के अनुरूप सीटें भी ऊपर-नीचे और आगे-पीछे हिलेंगी।

थिएटर में लगाई गई विशेष वाटरप्रूफ स्क्रीन दक्षिण कोरिया से आयात की गई है। इसका उद्देश्य दृश्यों को अधिक जीवंत और वास्तविक बनाना है।

CM 14d virtual zoo 2156

विशाल गोरिल्ला के मुंह से होगी रोमांच की एंट्री

थिएटर में प्रवेश का अनुभव भी अपने आप में खास है। दर्शकों के लिए परिसर में एक विशाल गोरिल्ला का मुख बनाया गया है, जिसके जरिए वे सफारी थिएटर में दाखिल होंगे। अंदर डिम लाइट और नियोन रोशनी के बीच 3D जंगल का माहौल तैयार किया गया है। दीवारों पर विशाल पेड़, बाघ और शेरों की आकृतियां जंगल के अनुभव को और प्रभावी बनाती हैं।

3D चश्मा पहनने के बाद दर्शक मूविंग सीटों पर बैठकर करीब 20 मिनट के शो का हिस्सा बनेंगे। शो को दो हिस्सों में बांटा गया है।

CM 14d virtual zoo 2158

10 मिनट का एडवेंचर फॉरेस्ट

पहले हिस्से में दर्शक आधुनिक जंगलों की रोमांचक यात्रा करेंगे। स्क्रीन पर दिखाई देने वाले दृश्यों के अनुसार सीटें ऊपर-नीचे और आगे-पीछे मूव करेंगी, जिससे ऐसा लगेगा जैसे दर्शक खुद जंगल के रास्तों से गुजर रहे हैं।

CM 14d virtual zoo 2157

प्री-हिस्टोरिक एडवेंचर में दिखेगा प्राचीन जंगल

दूसरे हिस्से में दर्शकों को प्रागैतिहासिक काल के जंगलों और विशालकाय जीवों की दुनिया में ले जाया जाएगा। पहाड़ी रास्तों पर वाहन के चढ़ने-उतरने जैसे अनुभव के साथ सीटें भी उसी अनुरूप मूव करेंगी। जू प्रभारी डॉ. उत्तम यादव के अनुसार, दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक सीट में ग्रिपिंग सिस्टम और सीट बेल्ट की व्यवस्था की गई है।

यह भी पढ़ें- इंदौर में सोना तस्करी का भंडाफोड़, 3 किलो सोने के साथ दो गिरफ्तार; कार्रवाई के दौरान DRI अफसरों पर पथराव

सफारी के बाद भी रोमांच जारी

14-D थिएटर का अनुभव पूरा होने के बाद पर्यटकों के लिए ग्लो गार्डन भी आकर्षण का केंद्र होगा। यहां बोलता हुआ पेड़ और शेर आगंतुकों का स्वागत करेंगे। फाइबर ऑप्टिक लाइट्स से सजे गार्डन में कदम रखते ही तितलियां और पौधे रोशनी से जगमगा उठेंगे। इसके बाद पर्यटक भालू और शेर की दहाड़ के बीच भूल-भुलैया में रास्ता तलाशेंगे। आगे मिरर ब्रिज पर होलोग्राम तकनीक के जरिए हनुमान जी के दर्शन होंगे। सफारी अनुभव का समापन 3D वाइल्डलाइफ इमर्सिव सफारी और 10 मिनट के 3D डोम शो के साथ होगा।

पूरे अनुभव के बाद पर्यटक जू परिसर की कैंटीन में इंदौर के मशहूर व्यंजनों का स्वाद भी ले सकेंगे। यानी इंदौर जू की यह नई पहल अब वन्यजीव देखने के साथ-साथ तकनीक, रोमांच और मनोरंजन का पूरा पैकेज देने जा रही है।

शो का शेड्यूल

मंगलवार से रविवार (सोमवार को अवकाश रहेगा)
सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक
प्रतिदिन 20-20 मिनट के कुल 16 शो आयोजित होंगे
शुरुआती प्रवेश शुल्क ₹70 प्रति व्यक्ति तय किया गया है (भविष्य में उच्च अधिकारियों के निर्णय अनुसार इसमें बदलाव हो सकता है)।