इंदौर में सोना तस्करी का भंडाफोड़, 3 किलो सोने के साथ दो गिरफ्तार; कार्रवाई के दौरान DRI अफसरों पर पथराव
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने इंदौर में लगभग तीन किलो सोने की तस्करी का भंडाफोड़ किया, जिसमें दो तस्कर गिरफ्तार ...और पढ़ें

दो तस्करों को पकड़ा (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
डीआरआई ने इंदौर में 3 किलो सोना जब्त किया।
दो तस्कर गिरफ्तार, एक अन्य व्यक्ति हिरासत में।
गिरफ्तारी के दौरान डीआरआई अधिकारियों पर पथराव।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के इंदौर जोन ने महज 11 दिन के भीतर सोना तस्करी का दूसरा बड़ा मामला पकड़ा है। टीम ने करीब तीन किलो सोने के साथ दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान डिलीवरी लेने पहुंचे होने के संदेह में एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपितों ने डीआरआई अधिकारियों पर पथराव कर दिया, जिसमें दो अधिकारी घायल हो गए।
कार लॉक कर भागने की कोशिश
डीआरआई को सूचना मिली थी कि विदेशी मूल का सोना लेकर दो तस्कर महाराष्ट्र की ओर से इंदौर पहुंच रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध कार की निगरानी शुरू की। सी-21 मॉल के पीछे कार को घेरने के बाद अधिकारियों ने उसमें बैठे लोगों को बाहर निकलने की चेतावनी दी।
आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए तस्करों ने कार को अंदर से लॉक कर लिया और डीआरआई टीम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस हमले में दो अधिकारी घायल हो गए। इसी दौरान बुलेट सवार एक व्यक्ति ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिसे टीम ने पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि वह सोने की खेप लेने पहुंचा था।
कार से बरामद हुआ करीब तीन किलो सोना
तलाशी के दौरान डीआरआई अधिकारियों ने कार से करीब तीन किलो सोना बरामद किया। जांच एजेंसी को आशंका है कि सोने की यह खेप बांग्लादेश के रास्ते भारत लाई गई थी। इसके पीछे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की संभावना भी जताई जा रही है।
जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सोने की खेप इंदौर में किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग हैं।
बुलियन कारोबारियों की भूमिका की भी जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं इंदौर के कुछ बुलियन कारोबारी विदेश से 99.99 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बिना वैध टैक्स और ड्यूटी चुकाए तो नहीं मंगवा रहे थे। आशंका है कि तस्करी के जरिए लाए गए सोने को बाद में प्रदेश के अलग-अलग शहरों के ज्वेलर्स तक पहुंचाया जाता था।
DRI की टीम गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और सोने की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- 80 लाख की आय, 4.60 करोड़ की संपत्ति! इंदौर नगर निगम अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा
11 दिन में दूसरा मामला
इंदौर जोन में यह 11 दिन के भीतर सोना तस्करी का दूसरा मामला है। इससे पहले 3 अगस्त को इंदौर एयरपोर्ट पर डीआरआई ने एक किलो से अधिक सोने के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा था।
