इंदौर के प्राचीन मंदिर में खूनी वारदात: बुजुर्ग ट्रस्टी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या, आरोपित चौकीदार गिरफ्तार
इंदौर के अन्नपूर्णा क्षेत्र स्थित एक प्राचीन मंदिर में 70 वर्षीय ट्रस्टी कैलाश मोदी की चौकीदार ने डंडों से पीट-पीटकर ...और पढ़ें

चौकीदार ने बुजुर्ग ट्रस्टी पर किया हमला (वीडियो ग्रैब)
HighLights
इंदौर के प्राचीन मंदिर में बुजुर्ग ट्रस्टी की हत्या हुई।
चौकीदार ने डंडों से पीट-पीटकर ली बुजुर्ग की जान।
सीसीटीवी फुटेज में कैद वारदात, आरोपित गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर के अन्नपूर्णा क्षेत्र स्थित 150 वर्ष पुराने एक मंदिर में मंगलवार सुबह हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। मंदिर के 70 वर्षीय ट्रस्टी कैलाश मोदी की कथित रूप से मंदिर के चौकीदार ने डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपित हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है।
विवाद के बाद चौकीदार ने किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर का चौकीदार मुकेश शर्मा शराब का आदी है और नशे की हालत में अक्सर विवाद करता था। मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर उसका ट्रस्टी कैलाश मोदी से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।
तड़ातड़ बरसाए डंडे
सीसीटीवी फुटेज में आरोपित मुकेश शर्मा हाथ में डंडा लेकर कैलाश मोदी पर हमला करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उसने लगातार कई वार किए। फुटेज में यह भी नजर आ रहा है कि बुजुर्ग ट्रस्टी के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी नहीं रुका और उन पर लगातार हमला करता रहा। चौकीदार ने करीब 31 बार बुजुर्ग ट्रस्टी के शरीर पर डंडे से दनादन प्रहार किए। हमले में सिर पर गंभीर चोटें आने से कैलाश मोदी की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में कुत्ते ने मासूम पर किया हमला, चेहरे पर लगाने पड़े 55 टांके
इलाके में मचा हड़कंप
वारदात के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि आरोपित मुकेश शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है।
