संत प्रेमानंद से प्रभावित होकर इंदौर में नाबालिग छात्र ने छोड़ा घर, पत्र में लिखा- अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं
इंदौर के खजराना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्र संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होकर घर छोड़कर वृंदावन चला ...और पढ़ें

संत प्रेमानंद से प्रभावित होकर नाबालिग ने छोड़ा घर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर के खजराना थाना क्षेत्र की श्रीकृष्ण विहार कॉलोनी से एक नाबालिग छात्र के घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किशोर संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होकर वृंदावन के लिए रवाना हुआ है। घर से निकलने से पहले उसने माता-पिता के नाम एक भावुक पत्र भी छोड़ा है।
परिवार के मुताबिक छात्र बुधवार को क्रिकेट खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान घर में रखा एक पत्र मिला, जो उसी के हाथ से लिखा हुआ था। इसमें उसने लिखा कि वह अपने “असली परिवार” के पास जा रहा है और उसे ढूंढने की कोशिश न की जाए।
पत्र में किशोर ने यह लिखा
पत्र में किशोर ने लिखा— “मां, पापा, भैया और दादाभाई, आज मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं। कृपया रोइए मत और मुझे ढूंढने की कोशिश भी मत कीजिए। अब मैं अपने माता-पिता के साथ ही रहूंगा। आप लोग यह मत समझना कि मैं डांट-फटकार या रिजल्ट खराब होने की वजह से घर छोड़ रहा हूं। मैं बस अपनी असलियत जान गया हूं।”

परिजनों के अनुसार, किशोर घर से निकलते समय करीब एक हजार रुपये लेकर गया था। पत्र में उसने यह भी लिखा कि उसने एक दोस्त से 500 रुपये उधार लिए हैं, जिन्हें वापस कर दिया जाए।
यह भी पढ़ें- इंदौर में IAS के फार्महाउस पर हाईप्रोफाइल जुए का भंडाफोड़, लाखों नकद, गाड़ियां जब्त; TI समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
छात्र के पिता पेशे से ड्राइवर हैं। उनकी शिकायत पर खजराना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और किशोर की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि आसपास के इलाकों और संभावित रूट पर जांच की जा रही है, साथ ही वृंदावन जाने वाले मार्गों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
