धार में फोरलेन पर कार पंचर होते ही घेराबंदी, ड्राइवर से मारपीट और युवक पर हमला; 7.90 लाख के जेवर-नकदी लूटकर भागे बदमाश
धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर कार पंचर होने के बाद एक युवक और उसके चालक को तीन बदमाशों ने ...और पढ़ें

-सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
धार फोरलेन पर कार पंचर होने पर लूट।
इंदौर निवासी युवक से 7.90 लाख की लूट।
बदमाशों ने मारपीट कर सोने के जेवर लूटे।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। धार जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर आधी रात कार पंचर होना एक युवक और उसके चालक के लिए भारी पड़ गया। सड़क किनारे पंचर टायर बदल रहे दोनों को तीन अज्ञात बदमाशों ने घेर लिया। पहले चालक के साथ मारपीट की और फिर युवक पर लकड़ी से हमला कर उसके पास से सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख 90 हजार रुपये है। घटना 15 अगस्त की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच ग्राम भैरुचौकी से लगभग आठ किलोमीटर पूर्व फोरलेन पर हुई थी। वारदात के बाद घबराए फरियादी ने तत्काल थाने पहुंचने के बजाय दो दिन बाद शिकायत दर्ज कराई।
अहमदाबाद जाते समय पंचर हुई कार
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, इंदौर निवासी हर्ष संगतानी अपने चालक शोएब हुसैन के साथ कार से अहमदाबाद जा रहे थे। रात में भैरुचौकी के पास फोरलेन पर अचानक कार का टायर पंचर हो गया। दोनों ने कार सड़क किनारे खड़ी की और टायर बदलने लगे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया।
ड्राइवर को पीटा, फिर लकड़ी से युवक पर हमला
बदमाशों ने सबसे पहले चालक शोएब के साथ थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद हर्ष को निशाना बनाया और लकड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसके दाहिने हाथ, कंधे और पीठ पर चोटें आईं। मारपीट के दौरान बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन, कान की बाली और हाथ का कड़ा उतार लिया। इसके अलावा बैग में रखी नकदी भी लूट ली।
पुलिस के अनुसार, बदमाश करीब 3.30 लाख रुपये की सोने की चेन, 50 हजार रुपये की सोने की बाली, 4 लाख रुपये का सोने का कड़ा और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 7.90 लाख रुपये आंकी गई है।
दो दिन बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद हर्ष डर और घबराहट के कारण तत्काल पुलिस थाने नहीं पहुंच सका। इसके बाद 17 अगस्त की रात 9:06 बजे उसने सरदारपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके चलते पुलिस रिकॉर्ड में वारदात की जानकारी दो दिन बाद दर्ज हुई।
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
सरदारपुर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। तीनों आरोपी फिलहाल अज्ञात हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान और लूटे गए जेवर व नकदी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक जगदीश निनामा द्वारा की जा रही है।
