सरपंची के ख्वाब में डेढ़ करोड़ का सोना चुराया, लिव-इन पार्टनर ही निकला मास्टरमाइंड; इंदौर पुलिस ने जोधपुर से दबोचा
एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर के घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सोना चुरा लिया, जिसका मकसद सरपंच ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
अलमारी में सोने के बिस्किट देख रची खतरनाक साजिश।
सरपंच चुनाव लड़ने और महंगे शौक पूरे करने का मकसद।
आरोपित जोधपुर से गिरफ्तार, 1.10 करोड़ का सोना बरामद।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। साथ रहने और दोस्ती के भरोसे का फायदा उठाकर एक युवक पर अपनी लिव-इन पार्टनर के घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सोना चोरी करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि युवक अपने गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए पैसों की जरूरत और महंगे शौक पूरे करने के इरादे से उसने सोने के बिस्किट चुरा लिए।
लसूड़िया थाना पुलिस ने आरोपित को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 1.10 करोड़ रुपये कीमत का सोना और अन्य सामान बरामद किया गया है।
अलमारी से गायब हुए सोने के बिस्किट और गहने
डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौड़ के अनुसार, बीसीएम पार्क, निपानिया निवासी 44 वर्षीय रेणु शर्मा ने घर से सोना चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 10 अगस्त से 13 सितंबर 2026 के बीच उनकी अलमारी से सोने के बिस्किट और अन्य आभूषण गायब हो गए।
मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान रेणु शर्मा ने अपने साथ रहने वाले गोपाल जाखड़ पर संदेह जताया। चोरी के बाद से गोपाल घर से गायब था और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।
मोबाइल लोकेशन से जोधपुर पहुंची पुलिस
पुलिस ने गोपाल की तलाश शुरू की और उसकी लोकेशन का पता लगाया। जांच में उसके जोधपुर के आसपास होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई। गुरुवार को पुलिस ने गोपाल उर्फ गोपी, निवासी गारासनी, जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपित ने चोरी की वारदात स्वीकार करने की बात कही। उसने कथित तौर पर बताया कि रेणु के साथ रहते हुए उसने अलमारी में सोने के बिस्किट देखे थे।
सरपंच का चुनाव लड़ने और शौक पूरे करने चोरी का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गोपाल ने बताया कि अगले महीने उसके गांव में सरपंच पद का चुनाव होना है और वह चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी। साथ ही, वह अपने महंगे शौक भी पूरे करना चाहता था। इसी कारण उसने सोने के बिस्किट चोरी करने की योजना बनाई।
हालांकि, चोरी गए पूरे माल की बरामदगी अभी नहीं हुई है। पुलिस शेष सोने और अन्य आभूषणों के संबंध में जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- पतंजलि गाय घी के बैच में मिला पांच गुना ज्यादा सीसा, MP में बिक्री पर लगी रोक; देशभर से स्टॉक वापस मंगाने का निर्देश
630 ग्राम सोना, नकदी और आईफोन जब्त
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 630 ग्राम वजन के सोने के बिस्किट, 40 ग्राम की सोने की चेन, दो लाख रुपये नकद और एक आईफोन बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने के बिस्किट की कीमत करीब एक करोड़ रुपये और चेन की कीमत लगभग छह लाख रुपये है। वहीं, शिकायतकर्ता ने चोरी गए कुल माल की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है। शेष माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
