विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर: प्रेमिका की मौत के मामले में प्रेमी का थाने में सरेंडर, बोला- शराब पीकर होटल के कमरे में खुद लगाई थी फांसी

Published: Sun, 13 Sep 2026 04:27 PM (IST)

इंदौर के पिपल्याहाना स्थित होटल एलेक्स में सोनिला शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में प्रेमी दीपक खंडेलवाल ने पुलिस ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. प्रेमी दीपक खंडेलवाल ने तिलक नगर थाने में सरेंडर किया।

  2. दीपक ने बताया सोनिला ने शराब के नशे में फांसी लगाई।

  3. दो साल पहले हुई थी दोस्ती, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। पिपल्याहाना स्थित होटल एलेक्स में फांसी लगाकर जान देने वाली सोनिला शर्मा की मौत के मामले में उसके प्रेमी दीपक खंडेलवाल ने तिलक नगर थाने में सरेंडर कर दिया। घटना के बाद से मोबाइल बंद कर गायब चल रहा दीपक शुक्रवार रात खुद थाने पहुंचा। पुलिस के सामने उसने घटना का सिलसिलेवार ब्योरा बताया और दावा किया कि सोनिला ने शराब के नशे में उसे डराने के लिए फांसी लगाने की कोशिश की थी।

पुलिस के मुताबिक सोनिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। घटना के बाद दीपक ही उसे अस्पताल लेकर गया था। इसके बाद वह वहां से गायब हो गया। शुक्रवार को पुलिस ने उसकी पत्नी रानू को पूछताछ के लिए बुलाया। इसी के बाद रात में दीपक थाने पहुंच गया।

दो साल पहले हुई थी दोस्ती

एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्र सिंह के अनुसार, नंदा नगर निवासी सोनिला की मौत के मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ में दीपक ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी सोनिला से दोस्ती हुई थी। सोनिला मूसाखेड़ी की पिंक सिटी स्थित एक पार्लर में काम करती थी।

दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दीपक के अनुसार, दोनों अक्सर पिपल्याहाना स्थित इसी होटल में मिलते थे। हालांकि करीब दो महीने पहले दीपक की पत्नी रानू को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई। उसने आपत्ति जताते हुए सोनिला के घर जाकर भी बात की थी। इसके बाद दीपक ने सोनिला से दूरी बनाना शुरू कर दी थी।

बार-बार फोन कर बुलाया 

दीपक के अनुसार घटना वाले दिन सोनिला होटल पहुंची और वहां शराब पी। उसने दीपक को कई बार फोन किया, लेकिन उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। करीब 40 मिनट बाद दीपक होटल पहुंचा।

दीपक ने पुलिस को बताया कि सोनिला ने कथित तौर पर नशे की हालत में उसे डराने के लिए फांसी लगाने की कोशिश की। इसी दौरान उसका गला दब गया और वह बेहोश हो गई।

अस्पताल ले गया, मौत के बाद घबराकर भागा

दीपक के मुताबिक सोनिला को बेहोश देखकर वह उसे अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह घबरा गया और अस्पताल में शव छोड़कर वहां से चला गया। उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया था।

यह भी पढ़ें- इंदौर के सांची दुग्ध प्लांट में हादसा: बायलर फटने से एक कर्मचारी की मौत, 3 घायल

पुलिस अब दीपक के बयान की जांच कर रही है। होटल में हुई घटना से पहले और बाद की गतिविधियों, दोनों के बीच संबंध, घटनास्थल की परिस्थितियों और मेडिकल रिपोर्ट समेत सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सोनिला की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि दीपक कारोबारी नहीं है, जैसा कि शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा था। वह एक पाइप कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस उससे घटना को लेकर आगे भी पूछताछ कर रही है।