विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर में कचरा वाहन ने 10 साल की बच्ची को रौंदा, पैर पर चढ़ा पहिया; CCTV आया सामने

Published: Tue, 06 Oct 2026 05:17 PM (IST)

इंदौर में एक दर्दनाक हादसे में कचरा वाहन की चपेट में आने से 10 साल की बच्ची गंभीर रूप से ...और पढ़ें

कचरा वाहन ने बच्ची को कुचला। (वीडियो ग्रैब)

कचरा वाहन ने बच्ची को कुचला। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. इंदौर में कचरा वाहन ने 10 साल की बच्ची को रौंदा।

  2. हादसे का पूरा दृश्य सीसीटीवी फुटेज में हुआ कैद।

  3. पुलिस ने कचरा वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर के एबी बायपास से लगी प्यूमार्थ सेरेनिटी टाउनशिप में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। मुंडला बाग क्षेत्र में कचरा उठाने आए वाहन की चपेट में 10 साल की बच्ची आ गई। हादसे में बच्ची के पैर पर वाहन का पहिया चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिस फुटेज भी सामने आया है।

हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए बॉम्बे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। घटना के बाद टाउनशिप के रहवासियों में आक्रोश है। लोगों ने कचरा वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी के अंदर कचरा वाहन की रफ्तार नियंत्रित होनी चाहिए, ताकि दोबारा इस तरह का हादसा न हो।

कचरा लेने आया था वाहन, बच्ची आई चपेट में

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम कचरा वाहन मुंडला बाग क्षेत्र स्थित टाउनशिप में कचरा एकत्र करने पहुंचा था। इसी दौरान बच्ची वाहन की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि वाहन का पहिया उसके पैर के ऊपर से निकल गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची को संभाला और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

हादसे के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वाहन बच्ची के बेहद करीब आता और उसे रौंदते हुए आगे जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू की है।

मांगलिया चौकी पुलिस ने कचरा वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- इंदौर में सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा

रहवासियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद प्यूमार्थ सेरेनिटी के रहवासियों ने कचरा वाहनों की गति और ड्राइवरों की सावधानी को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि रिहायशी कॉलोनी में बच्चों की आवाजाही रहती है, इसलिए कचरा वाहनों को बेहद धीमी गति से चलाया जाना चाहिए। रहवासियों ने वाहन चालकों की निगरानी और स्पीड पर नियंत्रण की मांग की है।