इंदौर में सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा
इंदौर में बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव हुआ। पुलिस ने उपद्रवियों ...और पढ़ें

मौके पर जमा पुलिसकर्मी व लोगों की भीड़। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
इंदौर में सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई।
रिमूवल टीम और पुलिस पर उपद्रवियों ने किया पथराव।
पुलिस ने 8-9 लोगों को हिरासत में लिया, स्थिति सामान्य।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच अधूरी पड़ी करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क का काम पूरा कराने के लिए मंगलवार को नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर क्षेत्र में जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ पहुंची टीम को कुछ लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और रिमूवल टीम व पुलिस पर पथराव शुरू हो गया।
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए उपद्रव कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ा। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 8-9 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने फिलहाल स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है।
70-80 मकानों को हटाने की कार्रवाई
एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने पीपल्याना कांकड़ क्षेत्र में सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अस्थायी और स्थायी निर्माण हटाने की कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि करीब 70 से 80 मकान सड़क निर्माण में बाधक थे, जिनमें लगभग इतनी ही संख्या में परिवार रह रहे थे। कार्रवाई से पहले रहवासियों को समझाइश दी गई और उन्हें अपना सामान हटाने का समय दिया गया। इसके बाद अधिकांश लोगों ने स्वयं अपना सामान बाहर निकाल लिया।
अमला लौटने लगा, तभी शुरू हुआ पथराव
अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई लगभग शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो गई थी। मशीनरी और अमला मौके से लौटने लगा, तभी कुछ युवकों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपद्रव कर रहे लोगों को दौड़ाकर मौके से हटाया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-2) अमरेंद्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अभियान पूरा होने के बाद जब मशीनें लौट रही थीं, तभी कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया।
दो लोगों को चोट, इलाके में पुलिस बल तैनात
पथराव की घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ महिलाओं और बच्चों की ओर से भी पथराव किया गया था, लेकिन समझाइश के बाद स्थिति शांत हो गई।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है।
