मंदसौर में पूर्व भाजपा विधायक ने तहसीलदार, पटवारी को दी गाली, कहा- खेत में आए तो पैर काट दूंगा; Video वायरल
मंदसौर के पूर्व भाजपा विधायक राधेश्याम पाटीदार का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वे तहसीलदार और पटवारी को गाली ...और पढ़ें

पूर्व भाजपा विधायक राधेश्याम पाटीदार।
HighLights
पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार का वीडियो वायरल।
तहसीलदार और पटवारी को दी गालियां, धमकी।
जमीन विवाद को लेकर बढ़े तनाव के बाद की हरकत।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। प्रदेश के मंदसौर जिले की सुवासरा सीट से भाजपा विधायक रहे राधेश्याम पाटीदार का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में वह अपनी ही सरकार के सिस्टम को चुनौती देते हुए तहसीलदार और पटवारी को गाली दे रहे हैं।
पूर्व विधायक पाटीदार ने स्थानीय बोली (मालवी) में यह भी कहा कि पटवारी यहां नपती करने आए तो सही उनके पैर काट देंगे। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई दी कि वीडियो में काट-छांट की गई है।
जमीन विवाद को लेकर बढ़ा तनाव
पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ग्राम गुराड़िया प्रताप में रहते हैं। उनके गांव के पास ग्राम सेमली कांकड़ में सर्वे नंबर पांच और सात की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। इस बीच दूसरे पक्ष के परमानंद पाटीदार, कालूराम पाटीदार और बद्रीसिंह परिहार ने पूर्व विधायक राधेश्याम व उनके स्वजन पर जमीन कब्जे की कोशिश, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
बताया कि बंदोबस्त के बाद से त्रुटिपूर्ण नक्शे के कारण विवाद की स्थिति बनी। बद्रीसिंह ने कहा कि पूर्व विधायक अपनी प्रशासनिक पहुंच और धौंस दिखाते हैं। कहते हैं कि कलेक्टर-एसपी भी यहां दौड़ते हुए आएंगे।
यह भी पढ़ें- आधार में बदली जन्मतिथि, फर्जी शादी रचाकर नाबालिग को 3 लाख में बेचा... इंदौर में मानव तस्करी रैकेट का पर्दाफाश
पूर्व विधायक का यह कहना
वहीं पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ने कहा कि उनका वीडियो काट-छांट कर प्रसारित किया गया है। एक किसान 1954 से इसी भूमि पर खेती कर रहा है, लेकिन कुछ लोग शासकीय पट्टाधारी से जमीन खरीदकर उस पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
