विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धार में भीषण सड़क हादसा: पिकअप वाहन पलटने से 16 लोगों की मौत, 13 गंभीर रूप से घायल

Published: Wed, 29 Apr 2026 09:20 PM (IST)Updated: Thu, 30 Apr 2026 02:51 AM (IST)

धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिकअप और स्कॉर्पियो की टक्कर में 16 मजदूरों की ...और पढ़ें

धार में हादसा।

धार में हादसा।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, इंदौर। धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटे के पास मजदूरों से भरी पिकअप और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद पिकअप वाहन पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग नीचे दब गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

कुछ घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया है। एक घायल महिला प्रिया ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 16 हो गया।

रात को ही केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित इंदौर संभाग के आयुक्त सुदामा खाड़े एवं इंदौर रेंज के महा निरीक्षक अनुराग भी पहुंचे। घायलों के उपचार के लिए शासन के निर्देश अनुसार हरसंभव प्रयास किया जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब 30-35 मजदूर सवार थे, जो अमझेरा की ओर जा रहे थे। रात करीब 8:15 से 8:20 बजे के बीच वाहन असंतुलित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलट गई और कई मजदूर उसके नीचे दब गए।

सीएम ने जताया शोक, आर्थिक सहायता का एलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों के निश्शुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। पीएम ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मध्य प्रदेश के धार में हुए हादसे में हुई जानमाल की हानि की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये प्रति व्यक्ति की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

अस्पताल में अफरा-तफरी, कई की हालत गंभीर

हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक साथ बड़ी संख्या में मरीज आने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों के इलाज में जुटी हुई है, वहीं कई की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- सोनम रघुवंशी को बेल, पर घर में नो-एंट्री... भाई ने ठुकराया साथ, प्रेमी पर 2 करोड़ गबन का आरोप

हादसे में इनकी हुई मौत

9 वर्षीय तनु, निवासी नयापुराधार, तिरला:
35 वर्षीय अंगूरी बाई, निवासी सैमलीपुरा
45 वर्षीय मीना बाई, निवासी रामपुरा
14 वर्षीय सुमित, निवासी नयापुरा
9 वर्षीय किरण, निवासी सैमलीपुरा
35 वर्षीय भूरी बाई, निवासी सैमलीपुरा
25 वर्षीय रंजना, निवासी सैमलीपुरा
14 वर्षीय आयुष, निवासी नयापुरा
15 वर्षीय गोकुल, निवासी नयापुरा
42 वर्षीय सुनीता, निवासी नयापुरा
रिंकू भंवर लाल 22 वर्षीय व सावित्री सुभाष 30 वर्षीय की मौत निजी अस्पताल में हुई है।
दो अज्ञात शवों की पहचान भी कर ली गई है, जिनमें नयापुरा की रंजना और संगीता भाई शामिल हैं।
प्रिया ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।