धार में बच्चों को अश्लील वीडियो दिखाकर गलत हरकत के लिए उकसा रहा था किशोर, पुलिस ने दर्ज की FIR
मनावर थाना क्षेत्र में एक किशोर पर बच्चों को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाने और अनुचित गतिविधियों के लिए उकसाने ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
धार में किशोर पर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप।
बच्चों को अनुचित गतिविधियों के लिए उकसाया जा रहा था।
पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, धार। प्रदेश के धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्चों को मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाने और उन्हें अनुचित गतिविधियों के लिए उकसाने का मामला सामने आया है। ग्रामीण की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक किशोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ साल से कर रहा था गलत हरकतें
शिकायतकर्ता के अनुसार, संबंधित किशोर पिछले करीब डेढ़ साल से 14 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों को अपने पास बुलाता था। आरोप है कि इस दौरान उन्हें मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाए जाते थे और वैसी ही अनुचित हरकतें करने के लिए उकसाया जाता था। शिकायत में बच्चों को प्रेम का इजहार करने सहित अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों के लिए प्रेरित किए जाने की बात भी कही गई है।
किशोर और उसके स्वजन को थाने बुलाएगी पुलिस
मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव के मुताबिक बच्चों को मोबाइल के जरिए अनुचित वीडियो दिखाए जाने की शिकायत मिलने के बाद एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस संबंधित किशोर और उसके स्वजन को थाने बुलाकर समझाइश देगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर 10 माह बाद चार पर केस दर्ज
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद संबंधित किशोर को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
