विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धार में रिश्तों का कत्ल: लकवाग्रस्त बेटे के इलाज के लिए रुपये मांगने पर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, बाइक से गिरने की झूठी कहानी बनाई

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:22 PM (IST)

सरदारपुर के बाण्डीखाली में एक पति ने लकवाग्रस्त बेटे के इलाज के लिए पैसे मांगने पर अपनी पत्नी की पीट-पीटकर ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. बेटे के इलाज के लिए पैसे मांगने पर विवाद हुआ।

  2. पति ने पत्नी को दीवार पर पटककर पैर से मारा।

  3. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार।

डिजिटल डेस्क, सरदारपुर (धार)। बीमार बेटे के इलाज के लिए रुपये मांगना पत्नी को भारी पड़ गया। सरदारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बाण्डीखाली में पति राजेश मंडोर ने विवाद के दौरान पत्नी सन्नूबाई को दीवार पर पटक दिया और नीचे गिरने के बाद उसके पेट व सीने पर पैर से प्रहार किए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपित ने पत्नी के बाइक से गिरकर घायल होने की कहानी बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने आरोपित राजेश मंडोर के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

बेटे के इलाज के लिए रुपये मांगने पर हुआ विवाद

घटना 16 अक्टूबर की है। सन्नूबाई ने लकवे से पीड़ित बेटे साहिल के उपचार के लिए पति राजेश मंडोर से रुपये मांगे थे। पति ने रुपये नहीं होने की बात कही, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस जांच के अनुसार गुस्से में राजेश ने सन्नूबाई को पीछे से पकड़कर दीवार पर दे मारा। वह गिर गई, तो आरोपित ने उसके पेट और सीने पर पैरों से प्रहार किए।

गंभीर चोट लगने से महिला बेहोश हो गई। घटना के बाद आरोपित और एक अन्य व्यक्ति महिला को राजगढ़ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

झूठी कहानी से गुमराह करने की कोशिश

शुरुआत में पति ने पुलिस को बताया कि सन्नूबाई बाइक से गिरकर घायल हुई थी। हालांकि मामले में संदेह होने पर पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल की।

यह भी पढ़ें- पीथमपुर में स्कूल से लौट रहे दो भाइयों और मौसेरी बहन को ट्राले ने कुचला, तीनों की मौके पर मौत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज

पोस्टमार्टम में महिला का लिवर और तिल्ली फटने की बात सामने आई। आंतरिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई थी। चोटों की प्रकृति और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई, जिसमें पति की भूमिका सामने आई। एसआई जेसी निनामा ने बताया कि आरोपित राजेश मंडोर को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।