विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्राइवर को झपकी आई और मच गई तबाही: धार में पेड़ से टकराकर खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत; चार घायल

Published: Sun, 25 Oct 2026 05:39 PM (IST)

धार जिले में आधी रात एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर खाई में गिर गई, जिससे दो युवकों की ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. कानवन के पास होटल के सामने हुआ दर्दनाक हादसा।

  2. इंदौर से सांवरियाजी जा रहे थे कार सवार छह युवक।

  3. कार में बुरी तरह फंसे लोगों को मशक्कत के बाद निकाला।

डिजिटल डेस्क, धार। प्रदेश के धार जिले में शनिवार आधी रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ उखड़ गया और कार खाई में पलट गई। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

होटल के सामने हुआ हादसा

दुर्घटना शनिवार रात करीब 12 बजे कानवन थाना क्षेत्र में होटल नींबू मिर्ची के सामने हुई। कार क्रमांक एमपी 42 जेडएफ 3109 में छह युवक सवार थे। सभी इंदौर से सांवरियाजी की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चला रहे युवक को झपकी आने से वाहन बेकाबू हो गया। इसके बाद कार सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खाई में जा पलटी।

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार युवक अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर टोल प्लाजा की एंबुलेंस, 108 एंबुलेंस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। कार चालक अंकुर सीट में बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने में भी काफी प्रयास करना पड़ा।

शाजापुर के दो युवकों की मौत, चार घायल

हादसे में कार चालक अंकुर (30) और रोहित कुमार (32), दोनों निवासी शाजापुर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मिथिलेश पिता अमर बहादुर निवासी भागीरथपुरा, मोहित पिता हरिनारायण पंवार, दिगक्षेण कुमार और हिमांशु पिता ज्ञानेश्वर, सभी निवासी इंदौर, घायल हो गए। घायलों की उम्र 30 से 32 वर्ष बताई गई है।

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया। इनमें तीन घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- MP में नर्मदा में बहते मिले सैकड़ों Voter ID कार्ड, इंदौर के पते देख मचा हड़कंप; कांग्रेस का थाने में धरना

झपकी आने की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही कानवन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

परिजनों के पहुंचने के बाद दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। आधी रात हुए इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।