धार में फिर नायलॉन डोर का कहर, 13 साल के बालक की गर्दन कटी; अस्पताल में उपचार जारी
धार में प्रतिबंधित नायलॉन डोर से 13 वर्षीय बालक अल्तमश की गर्दन कट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसका उपचार जारी है। प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद बाजार में इसकी उपलब्धता और उपयोग पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि पहले भी ऐसे हादसों में जान जा चुकी है।

नायलॉन की डोर गर्दन में लिपटने से 13 वर्षीय किशोर घायल।
डिजिटल डेस्क, धार। प्रतिबंधित नायलॉन डोर लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई है, लेकिन इसके इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। धार में रविवार को एक बार फिर इस जानलेवा डोर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक घायल हो गया। नौगांव थाना क्षेत्र में बाइक से लौट रहे अल्तमश की गर्दन नायलॉन डोर से कट गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है।
मजार से लौटते समय गर्दन में उलझी डोर
जानकारी के अनुसार, अल्तमश अपनी दादी के साथ मजार पर दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हवा में लटक रही प्रतिबंधित नायलॉन डोर अचानक अल्तमश की गर्दन में उलझ गई। धारदार डोर से उसकी गर्दन कट गई और वह लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
प्रतिबंध के बावजूद बाजार में आसानी से उपलब्ध
नायलॉन और चाइना डोर की बिक्री व उपयोग पर प्रतिबंध के बावजूद जिले में इसका इस्तेमाल थम नहीं रहा है। प्रशासन और पुलिस समय-समय पर कार्रवाई के दावे करते हैं, लेकिन बाजार में प्रतिबंधित डोर की उपलब्धता हादसों की वजह बन रही है। पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाली यह धारदार डोर राह चलते लोगों, बाइक सवारों और बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर दोहरा हत्याकांड: पिता-बहन की हत्या, फ्लाइट से दिल्ली भागा आरोपित
छह साल के बच्चे की जा चुकी है जान
धार में प्रतिबंधित चाइना डोर से पहले भी एक दर्दनाक हादसा हो चुका है। जनवरी 2024 में हटवाड़ा क्षेत्र में पिता के साथ बाइक पर जा रहे छह वर्षीय कनिष्क चौहान की गर्दन चाइना डोर से कट गई थी। गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई थी। पुराने हादसे के बावजूद प्रतिबंधित डोर का इस्तेमाल जारी रहना प्रशासनिक कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।