देवास में मातारानी के विसर्जन जुलूस में मधुमक्खियों का हमला, 25 लोग घायल; 13 अस्पताल में भर्ती
देवास जिले में माता की मूर्तियों के विसर्जन जुलूस के दौरान मधुमक्खियों के हमले से 25 लोग घायल हो गए, ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती मरीज।
HighLights
मधुमक्खी हमले में 25 लोग घायल, 13 अस्पताल में भर्ती।
डीजे की तेज आवाज से मधुमक्खियां भड़कने की आशंका।
देवास जिले में यह कुछ महीनों में तीसरी घटना।
डिजिटल डेस्क, देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में सोमवार को माता की मूर्तियों के विसर्जन चल समारोह के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। सोनकच्छ विकासखंड के अगेरा गांव में हुई इस घटना से जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों के हमले से करीब 25 लोग घायल हो गए। इनमें से लगभग 13 लोगों को उपचार के लिए शासकीय सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में ले जाना पड़ा। घायलों का इलाज जारी है।
13 घायलों का अस्पताल में उपचार
ग्रामीणों के मुताबिक मधुमक्खियों के हमले में घायल लोगों में से 11 को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों का सोनकच्छ के शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। अन्य लोगों को भी मधुमक्खियों ने काटा था, लेकिन परेशानी कम होने के कारण वे अस्पताल जाने के बजाय घर लौट गए।
सोनकच्छ के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. शैलेंद्र ओरिया ने बताया कि घायलों की स्थिति चिंताजनक नहीं है। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
DJ की आवाज से मधुमक्खियों के भड़कने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, माता की मूर्तियों के विसर्जन के लिए निकले चल समारोह में DJ बज रहा था। आशंका जताई जा रही है कि तेज आवाज से पेड़ पर बने छत्ते में मौजूद मधुमक्खियां भड़क गईं और लोगों पर हमला कर दिया। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
देवास में कुछ महीनों के भीतर तीसरी घटना
जिले में मधुमक्खियों के हमले की यह कुछ महीनों के भीतर तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले बागली विकासखंड के पुंजापुरा क्षेत्र में जंगल से बकरियां चराकर लौट रहे रातातलाई निवासी बुजुर्ग शेरू पुत्र धन्नालाल मानकर पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था। इस घटना में उनकी मौत हो गई थी।
वहीं, कुछ महीने पहले विजयागंज मंडी क्षेत्र के रालामंडल गांव में निष्कलंकेश्वर महादेव मंदिर जा रही भाजपा की वाहन रैली पर भी मधुमक्खियों ने हमला किया था। उस घटना में करीब एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हुए थे।
