विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाकाल मंदिर की धर्मशाला में बेटी के सामने महिला श्रद्धालु से मारपीट का आरोप, बाल खींचे; वीडियो बनाने पर मोबाइल छीना

Published: Mon, 21 Sep 2026 10:57 PM (IST)

उज्जैन के महाकाल मंदिर की धर्मशाला में दिल्ली की एक महिला श्रद्धालु प्रेरणा गर्ग ने सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट और अभद्रता ...और पढ़ें

मंदिर की धर्मशाला में महिला से मारपीट। (वीडियो ग्रैब)

मंदिर की धर्मशाला में महिला से मारपीट। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. महाकाल धर्मशाला में महिला श्रद्धालु से मारपीट का आरोप।

  2. सुरक्षाकर्मियों पर बेटी के सामने बाल खींचने, मोबाइल छीनने का आरोप।

  3. महिला ने महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी।

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। पावन नगरी उज्जैन के महाकाल मंदिर की पंडित सूर्यनारायण व्यास धर्मशाला में दिल्ली की महिला श्रद्धालु से कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। श्रद्धालु प्रेरणा गर्ग ने आरोप लगाया है कि 16 सितंबर को उनकी 13 वर्षीय बेटी के सामने सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। महिला का दावा है कि इस दौरान उनके बाल खींचे गए और घटना का वीडियो बनाने पर मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। उन्होंने बेटी के साथ भी बदसलूकी का आरोप लगाया है।

प्रेरणा ने घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मामले में उन्होंने महाकाल थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।

कमरे को लेकर शुरू हुआ विवाद

महिला श्रद्धालु के मुताबिक, वह 16 सितंबर को अपनी बेटी के साथ पंडित सूर्यनारायण व्यास धर्मशाला पहुंची थीं। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से कमरे की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि फिलहाल कोई कमरा खाली नहीं है।

प्रेरणा  का कहना है कि उन्होंने पूछा कि यदि कोई श्रद्धालु चेक-आउट करता है या बुकिंग निरस्त होती है तो क्या उन्हें कमरा मिल सकता है। आरोप है कि कर्मचारियों ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।

इसके बाद वह धर्मशाला परिसर में बैठकर इंटरनेट पर ठहरने के लिए दूसरे होटल की तलाश करने लगीं।

बाहर जाने को कहा, विरोध पर मारपीट का आरोप

महिला के अनुसार, कुछ देर बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धर्मशाला परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

प्रेरणा का आरोप है कि इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर खींचे। उनका यह भी दावा है कि जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो मोबाइल फोन छीन लिया गया। महिला ने अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ भी बदसलूकी का आरोप लगाया है।

पुलिस कर रही शिकायत की जांच

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि महिला श्रद्धालु की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटनाक्रम और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें- 'युवाओं के भरोसे ही आएगा रामराज'; उज्जैन में युवा धर्म संसद के समापन सत्र में बोले CM मोहन यादव

पहले भी श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों में हो चुके विवाद

महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद भी हो चुके हैं। 11 जून को गणेश मंडपम में दो युवकों के बैरिकेड पार कर दूसरी कतार में पहुंचने के बाद विवाद हुआ था। गार्ड द्वारा रोकने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। वहीं, अगस्त में महाकाल लोक में सप्त ऋषि की मूर्तियों के पास महिला श्रद्धालुओं और महिला सुरक्षाकर्मी के बीच विवाद और मारपीट का वीडियो सामने आया था। इस घटना में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी।