विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले माता के चरणों में नवाया शीश, फिर मुकुट-छत्र उतारकर ले गए; बुरहानपुर के इच्छादेवी मंदिर में अनोखी चोरी

Published: Sun, 13 Sep 2026 06:17 PM (IST)Updated: Sun, 13 Sep 2026 06:22 PM (IST)

बुरहानपुर के प्रसिद्ध इच्छादेवी माता मंदिर में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है, जहाँ बदमाशों ने चोरी से ...और पढ़ें

HighLights

  1. बुरहानपुर के इच्छादेवी माता मंदिर में हुई अनोखी चोरी।

  2. बदमाशों ने चोरी से पहले और बाद में माता को प्रणाम किया।

  3. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। बुरहानपुर के प्रसिद्ध इच्छादेवी माता मंदिर में चोरी करने पहुंचे बदमाशों की करतूत ने पुलिस के साथ मंदिर समिति को भी हैरान कर दिया। शनिवार देर रात मंदिर में घुसे बदमाशों ने पहले ताला तोड़ा और चोरी की। लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने माता के चरण छुए और चोरी का सामान लेकर बाहर निकलते समय एक बार फिर देवी के सामने सिर झुकाया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

फुटेज में तीन बदमाश मंदिर के भीतर जाते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक हाथ आगे बढ़ाकर माता के चरण छूता नजर आता है। इसके बाद बदमाश मंदिर से मुकुट और छत्र लेकर बाहर निकल जाते हैं। बाहर जाते समय भी वे माता के सामने झुककर प्रणाम करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

रात एक बजे ताला तोड़कर मंदिर में घुसे

पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब एक बजे तीन अज्ञात बदमाश इच्छादेवी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मंदिर से एक मुकुट और एक छत्र लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें- इंदौर: प्रेमिका की मौत के मामले में प्रेमी का थाने में सरेंडर, बोला- शराब पीकर होटल के कमरे में खुद लगाई थी फांसी

सुबह पुजारी मंदिर खोलने पहुंचे तो ताला टूटा मिला और चोरी का पता चला। इसके बाद मंदिर समिति को सूचना दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।

दानपेटी पहले ही खाली हो चुकी थी

शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के अनुसार मंदिर समिति रोजाना की तरह दानपेटी की रकम पहले ही निकाल लेती है। मंदिर की अन्य बहुमूल्य सामग्री भी सुरक्षित स्थान पर रख दी गई थी। इसलिए बदमाशों के हाथ कोई बड़ी कीमत की सामग्री नहीं लगी।

पुलिस के मुताबिक चोरी हुआ मुकुट और छत्र भी बहुमूल्य नहीं हैं। दोनों पर केवल पॉलिश की गई थी।

सोने का मंगलसूत्र और नथ नहीं ले जा सके

देवी के गले में सोने का मंगलसूत्र और नाक में सोने की लोंग थी, लेकिन बदमाश इन्हें निकाल नहीं सके। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश मुकुट निकालते और फिर मंदिर से बाहर जाते समय माता के चरणों में झुकते स्पष्ट नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को जांच का आधार बनाया है और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।