मंदसौर में नींव खोदते ही निकला ‘खजाना’, सैकड़ों ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिले; बंटवारे के विवाद से खुला राज
मंदसौर जिले के भानपुरा में एक मकान की नींव की खुदाई के दौरान ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिले, जिससे हड़कंप ...और पढ़ें

खुदाई में मिले चांदी के सिक्के।
HighLights
मंदसौर में मकान की नींव खुदाई में ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिले।
सिक्कों पर जॉर्ज पंचम की छवि, बंटवारे विवाद से पुलिस को खबर।
पुलिस ने 144 सिक्के और बेचे गए सिक्कों से मिली राशि जब्त की।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मंदसौर जिले के भानपुरा क्षेत्र के बड़खेड़ी गांव में मकान की नींव की खुदाई के दौरान जमीन के भीतर दबे ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिलने से सनसनी फैल गई। सिक्कों पर ब्रिटिश सम्राट जॉर्ज पंचम की छवि अंकित है। शुरुआत में इस मामले को छिपाकर सिक्कों के बंटवारे की कोशिश की गई, लेकिन श्रमिकों और मकान मालिक के बीच हिस्सेदारी को लेकर विवाद हुआ तो जमीन से निकले इस ‘खजाने’ का राज पुलिस तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, मकान निर्माण के लिए कराई जा रही नींव की खुदाई के दौरान 26 अगस्त को श्रमिकों को बड़ी संख्या में चांदी के पुराने सिक्के मिले थे। बताया जा रहा है कि जमीन से करीब 700 से 800 सिक्के निकले थे।
सिक्के मिलने के बाद श्रमिकों और मकान मालिक के बीच इनके बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर आठ सितंबर को पुलिस को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अब तक 144 ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के जब्त किए हैं।
सिक्के बेचकर मिले 2.38 लाख रुपये भी जब्त
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ सिक्कों को पहले ही बेच दिया गया था। पुलिस ने सिक्कों की बिक्री से प्राप्त 2.38 लाख रुपये की राशि भी जब्त कर ली है।
भानपुरा थाना प्रभारी विनय बुंदेला के अनुसार, जमीन की खुदाई में मिले इन पुराने सिक्कों की जानकारी पुलिस को नहीं देकर उन्हें आपस में बांटने और बेचने की कोशिश की गई। इसी आधार पर कार्रवाई की गई है।
मकान मालिक समेत चार लोगों पर प्रकरण
पुलिस ने मामले में दो आरोपितों जीतमल बैरागी और मकान मालिक प्रेम सिंह भाटी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इसके अलावा दो अन्य श्रमिकों को भी मामले में आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने कई सिक्के पाटन, इंदौर और अन्य शहरों में बेच दिए हैं।
2 से 3 हजार रुपये में बिके सिक्के
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि ब्रिटिशकालीन चांदी के इन सिक्कों को बाजार में करीब दो से तीन हजार रुपये प्रति सिक्का तक बेचा गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कितने सिक्के कहां-कहां बेचे गए और उन्हें खरीदने वाले लोग कौन हैं।
जमीन की नींव से निकले इन सिक्कों की वास्तविक संख्या और ऐतिहासिक महत्व का आकलन भी जांच का अहम हिस्सा रहेगा। पुलिस अन्य सिक्कों की बरामदगी और मामले से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
