विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आलीराजपुर में 'डायन' बताकर बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या, कंबल में लपेटकर तालाब में फेंका शव; चार गिरफ्तार

Published: Tue, 18 Aug 2026 08:10 PM (IST)

आलीराजपुर में अंधविश्वास के चलते 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला कालीबहन डामोर की 'डायन' होने के शक में हत्या कर दी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. परिवार में दो मौतों के बाद बुजुर्ग महिला पर शक करते थे आरोपित।

  2. रात में सोते समय बुजुर्ग महिला के सिर पर वार कर मार डाला।

  3. पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया, आगे की जांच जारी।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। 21वीं सदी में भी अंधविश्वास किस तरह इंसानी जिंदगी पर भारी पड़ रहा है, इसका भयावह मामला आलीराजपुर जिले से सामने आया है। चंद्रशेखर आजाद नगर थाना क्षेत्र में 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी गई, क्योंकि आरोपितों को शक था था कि वह ‘डायन’ है और दूसरों पर टोना-टोटका करती है। उन्हें लगता था कि उसी बुजुर्ग महिला की वजह से उनके परिवार में दो मौतें हुई हैं।

आरोप है कि महिला को पहले ‘डायन’ कहकर प्रताड़ित किया गया और बाद में जब वह घर में सो रही थी, तब सिर पर भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपितों ने शव को कंबल और बोरे में बांधा, टेम्पो से ले जाकर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

परिवार में दो मौतों के बाद वृद्धा पर किया शक

एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपित अजय हटीला की मां की करीब पांच-छह महीने पहले मौत हुई थी। इसके बाद घटना से लगभग पांच-सात दिन पहले उसके भाई संजय की भी मृत्यु हो गई।

भाई की मौत के बाद अजय हटीला को गांव की बुजुर्ग कालीबहन पर संदेह हुआ। आरोप है कि इसके बाद अजय और उसके साथियों ने महिला को ‘डायन’ बताते हुए उसके साथ विवाद और मारपीट की।

रात में सोते समय मार डाला

पुलिस जांच के मुताबिक 12 अगस्त की रात कालीबहन डामोर अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान आरोपितों ने उनके सिर पर भारी और भोथरी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपितों ने शव को कंबल में लपेटकर बोरे में बांध दिया। इसके बाद टेम्पो से शव को सेजावाड़ा तालाब की ओर ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, वारदात को छिपाने के लिए आरोपितों ने पूरी योजना के साथ शव को ठिकाने लगाया। इनमें से एक आरोपित टेम्पो से कुछ दूरी पर आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रहा था, ताकि शव ले जाते समय किसी की नजर न पड़े। इसके बाद शव को सेजावाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित तालाब में फेंक दिया गया।

यह भी पढ़ें- धार में फोरलेन पर कार पंचर होते ही घेराबंदी, ड्राइवर से मारपीट और युवक पर हमला; 7.90 लाख के जेवर-नकदी लूटकर भागे बदमाश

कंबल में लिपटा मिला शव

15 अगस्त 2026 को कालीबहन के परिजनों को सूचना मिली कि सेजावाड़ा औद्योगिक क्षेत्र के तालाब में पानी के पास नीले रंग के कंबल में लिपटी एक पोटली पड़ी है। इसमें शव होने की आशंका जताई गई। परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पोटली को तालाब से बाहर निकाला। कंबल खोलने पर उसमें कालीबहन का शव मिला। इसके बाद चंद्रशेखर आजाद नगर थाने में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी आशुतोष ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम तरोले को जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

बेटी को फोन पर बताई थी मारपीट की बात

जांच के दौरान मृतका की बेटी रमीला पति मुकेश संगाड़िया, निवासी दाहोद (गुजरात), ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ दिन पहले उसकी मां ने फोन पर जानकारी दी थी कि अजय हटीला, राजेश हटीला, मुकेश मावी, नरू मावी और दिनेश मावी उसके घर आए थे।

रमीला के मुताबिक, इन लोगों ने उसकी मां को ‘डायन’ बताते हुए उनके साथ विवाद किया और मारपीट की थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने मामले में अजय पुत्र नानिया हटीला, राजेश पुत्र मंगा हटीला, मुकेश पुत्र सारेसा मावी और नरू पुत्र रामू मावी, सभी निवासी सेजावाड़ा चौकी फलिया, को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर हत्या की पूरी परिस्थितियों और अन्य संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।