मिलावटी हल्दी के इस्तेमाल से बीमार हुए दूल्हा-दुल्हन, प्रशासन ने लिए नमूने, जहरीले रंग व केमिकल का शक
इंदौर और खरगोन में शादी की रस्म में इस्तेमाल हुई मिलावटी हल्दी से दूल्हा-दुल्हन को गंभीर एलर्जिक रिएक्शन हुआ । ...और पढ़ें

मिलावटी हल्दी की जांच के लिए नमूने एकत्रित किए (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शादी की रस्म में उपयोग की गई मिलावटी हल्दी से दूल्हा-दुल्हन के बीमार होने के मामले सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती चार मरीजों से जुड़े हल्दी के नमूने खाद्य विभाग को जांच के लिए सौंपे गए। जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि हल्दी में किस तरह के हानिकारक केमिकल या रंग की मिलावट की गई थी, जिससे लोगों को गंभीर एलर्जी रिएक्शन हुआ।
वहीं, प्रशासन ने मसाला विक्रय करने वालों के खिलाफ सोमवार से अभियान शुरू किया। खरगोन जिले के कसरावद स्थित बाजार में खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों और खुले मसाले बेचने वाले प्रतिष्ठानों से हल्दी के नमूने लिए।
बता दें कि इंदौर के शासकीय एमवाय अस्पताल में हाल ही में ऐसे चार मरीजों का इलाज किया गया, जिनकी तबीयत हल्दी लगाने के कुछ समय बाद बिगड़ गई। इनमें एक मरीज की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। मरीजों में सांस लेने में तकलीफ, शरीर पर लाल चकत्ते, होंठ और चेहरे पर सूजन, कमजोरी और पूरे शरीर में एलर्जी जैसे लक्षण दिखाई दिए।
दरअसल, हल्दी को अधिक चमकदार बनाने के लिए उसमें मिलाए जा रहे जहरीले रसायन इसकी बड़ी वजह बने। खरगोन जिले के कसरावद निवासी राखी और गोलू सहित अन्य मरीजों का अस्पताल में इलाज चला। हालांकि अब चारों मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। एमवाय अस्पताल के अधीक्षक डा. अशोक यादव ने हल्दी से एलर्जिक रिएक्शन की पुष्टि की।
परिजन बोले- साप्ताहिक हाट से खरीदी थी हल्दी
मरीज गोलू के बहनोई लखन सिंह ने बताया कि शादी की रस्म में उपयोग की गई हल्दी स्थानीय साप्ताहिक हाट बाजार से खरीदी गई थी। दरअसल, ग्रामीण हाट बाजारों में खुले मसालों की बिक्री पर प्रभावी निगरानी नहीं है। बताया गया है कि घरों और छोटे गोदामों में मसालों की पिसाई कर मिलावट की जाती है। रंग, केमिकल और सस्ते पदार्थ मिलाकर री-पैकेजिंग की जाती है। खुले मसाले हाट बाजारों में बोरियों में भरकर बेचे जाते हैं।
यह भी पढ़ें- हल्दी की शुभता में 'मिलावट' का ग्रहण : गंभीर एलर्जी ने किया परेशान, इंदौर में दूल्हे को वेंटिलेटर पर पहुंचाया
खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सघन जांच अभियान जारी रहेगा। मसालों में मिलावट करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- शिवम वर्मा, कलेक्टर, इंदौरखाद्य सुरक्षा अधिकारियों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में खुली हल्दी और अन्य मसालों के सैंपल लिए जा रहे हैं। मामले की जानकारी जुटाकर मिलावट के स्रोत तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
- भव्या मित्तल, कलेक्टर, खरगोन
