विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रतलाम के पास 2 घंटे में 2 हादसे: सास-बहू समेत 4 की मौत; पहली कार से टूटी रेलिंग बनी दूसरे हादसे का सबब

Published: Tue, 29 Sep 2026 02:56 PM (IST)

दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर रतलाम के पास दो घंटे में हुए दो भीषण हादसों में चार लोगों की मौत ...और पढ़ें

क्षतिग्रस्त कार को क्रेन के जरिए खाई से निकाला गया।

क्षतिग्रस्त कार को क्रेन के जरिए खाई से निकाला गया।

HighLights

  1. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रतलाम के पास दो घंटे में दो हादसे।

  2. दोनों दुर्घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत, छह घायल हुए।

  3. पहली दुर्घटना की टूटी रेलिंग बनी दूसरे हादसे का कारण।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब दो घंटे के अंतराल में हुए दो भीषण सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। दोनों दुर्घटनाओं में कार सवार दो-दो लोगों ने दम तोड़ दिया। पहले हादसे में कार रेलिंग तोड़कर करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी। वहीं, पहली दुर्घटना में टूटी रेलिंग के कारण दूसरी कार भी खाई में जा गिरी। हादसों के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों में अंबाला से मुंबई जा रहे परिवार की दो महिलाएं और गुजरात के दाहोद जिले के दो लोग शामिल हैं। घायलों को पहले जावरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

चालक को झपकी आने से खाई में गिरी कार

जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया के अनुसार, पहला हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। महाराष्ट्र के पंजीयन नंबर वाली कार (एमएच 48 एके 4833) में सवार परिवार अंबाला से मुंबई जा रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेस-वे के बीच बनी रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे में 67 वर्षीय नरेंद्र कौर और उनकी 32 वर्षीय बहू मनप्रीत कौर की मौत हो गई। कार में सवार 67 वर्षीय मनोहर, चार वर्षीय जुझार और दो वर्षीय जोरावर घायल हो गए।

अन्य वाहन चालकों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर जावरा अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

rtlm car accident 268

टूटी रेलिंग के पास हवा में उछली कार

पहले हादसे में एक्सप्रेसवे की बीच की रेलिंग टूट गई थी। सुबह करीब 6:30 बजे पुलिसकर्मी घटनास्थल पर जांच कर रहे थे। इसी दौरान गुजरात के पंजीयन नंबर वाली कार (जीजे 20 सीबी 4610) वहां से गुजरते समय हवा में उछल गई और रेलिंग के टूटे हिस्से से नीचे खाई में जा गिरी।

कार में गुजरात के दाहोद जिले का एक परिवार सवार था, जो उत्तर प्रदेश से इलाज कराकर लौट रहा था। दूसरी दुर्घटना में रवि हटीला निवासी चंदला, दाहोद और 50 वर्षीय रमेश मकवाना निवासी विजयगढ़, दाहोद की मौत हो गई।

हादसे में 55 वर्षीय रामली बाई, संगीता और 30 वर्षीय नरेश मकवाना, सभी निवासी विजयगढ़, दाहोद, घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें- इंदौर में बेकाबू 'पीएम ई-बस' ने चार राहगीरों को रौंदा, एक की मौत; उग्र भीड़ ने किया पथराव

एक हादसे के बाद टूटी रेलिंग ने बढ़ाया खतरा

पुलिस के अनुसार, पहली कार की टक्कर से एक्सप्रेसवे के बीच की रेलिंग टूट गई थी। इसी टूटे हिस्से से दूसरी कार भी दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। लगातार हुए दोनों हादसों के बाद पुलिस ने मौके पर राहत और बचाव कार्य कराया।

पुलिस दोनों दुर्घटनाओं के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। एक ही स्थान पर दो घंटे के भीतर हुए दो हादसों में चार लोगों की जान जाने से एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।