'5 साल लिव-इन में रखा, फिर बाद करना किया बंद', गुस्से में प्रेमिका ने प्रेमी की पत्नी पर किया ACID अटैक
पुलिस का कहना है कि दो दिन पहले भी यह लोग थाने आए थे तब आपस में राजीनामा हो गया था। थाना प्रभारी जनकगंज आलोक सिंह परिहार ने बताया कि इस मामले की तस्दीक की जा रही है। इन लोगों में पहले भी झगड़ा हुआ था।
ग्वालियर, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला ने अपने प्रेमी की पत्नी पर एसिड अटैक कर दिया। इसके बाद थाने पहुंची और अपने प्रेमी पर पांच साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई। देर रात दूसरा पक्ष पर थाने पहुंचा और एसिड अटैक करने वाली महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पांच साल तक दुष्कर्म करने का लगाया आरोप
मामला शहर के जनकगंज इलाके का है। अमित बंसल के घर लक्ष्मीगंज इलाके में रहने वाली 34 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि अमित ने शादी का झांसा देकर पांच साल तक उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद बात करना भी बंद कर दिया। बीती रात वह जब अमित के घर पहुंची तो उनकी पत्नी भी यहां आ गई। उसने अमित की पत्नी पर एसिड फेंक दिया, जिससे उसका गला, सीना, एक हाथ झुलस गया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अमित के हाथ पर भी तेजाब गिर गया। एसिड फेंकने के बाद महिला वहां से भाग गई। अमित अपनी पत्नी को अस्पताल ले गए।
महिला ने दर्ज करवाई एफआईआर
इधर, अमित पर आरोप लगाने वाली महिला जनकगंज थाने पहुंच गई और शिकायत की कि अमित बंसल ने उसे 5 साल लिव-इन में रखा, उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर उससे बात करना भी बंद कर दी। इस मामले में जनकगंज पुलिस ने एफआइआर दर्ज की। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष पहुंचा, जहां एसिड अटैक की शिकायत की गई।
अमित ने महिला पर लगाया ब्लैकमेल करने का आरोप
अमित ने पुलिस को यह भी बताया कि महिला उसे ब्लैकमेल भी कर रही थी। पुलिस का कहना है कि दो दिन पहले भी यह लोग थाने आए थे, तब आपस में राजीनामा हो गया था। थाना प्रभारी जनकगंज आलोक सिंह परिहार ने बताया कि इस मामले की तस्दीक की जा रही है। इन लोगों में पहले भी झगड़ा हुआ था। फिलहाल एफआइआर दर्ज कर ली गई है।