शिवपुरी में गृहक्लेश के बाद कुएं में कूदी महिला, पति ने ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर मांगी माफी, तब बाहर निकली
शिवपुरी के सहरिया गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला कुएं में कूद गई। उसने पति के सार्वजनिक माफी ...और पढ़ें

महिला कुएं में कूदी, पति ने मान-मनौव्वल करते हुए माफी मांगी। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
सहरिया गांव में घरेलू विवाद के बाद महिला कुएं में कूदी।
पति के माफी मांगने पर ही कुएं से बाहर आने की रखी शर्त।
पति ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, तब महिला बाहर आई।
डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। प्रदेश के शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सहरिया गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद का एक चौंकाने वाला वाला मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर घरेलू कलह से नाराज होकर एक महिला ने कुएं में छलांग लगा दी। मौके पर पहुंचे पति और ग्रामीणों ने रस्सी व खटिया के सहारे उसे बाहर निकालने की कोशिश की। महिला ने रस्सी तो पकड़ ली, लेकिन कुएं से बाहर आने से इनकार कर दिया।
महिला ने शर्त रखी कि जब तक पति सबके सामने हाथ जोड़कर माफी नहीं मांगेगा और भविष्य में परेशान न करने का वादा नहीं करेगा, तब तक वह कुएं से बाहर नहीं आएगी। आखिरकार स्त्री हठ के आगे पति को झुकना पड़ा और उसकी पूरी बात माननी पड़ी। तब जाकर महिला कुएं से बाहर आने को राजी हुई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रस्सी पकड़ने के बाद भी बाहर आने से इनकार
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद गुस्से में आकर महिला ने स्कूल के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पति मौके पर पहुंचा और महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कुएं में रस्सी डाली। बताया जा रहा है कि महिला ने रस्सी पकड़ ली, लेकिन बाहर आने को तैयार नहीं हुई।
महिला की जिद थी कि पति ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगे। साथ ही वह भविष्य में उसे परेशान नहीं करने, झगड़ा नहीं करने और ठीक से देखभाल करने का वादा करे।
सबके सामने पति ने जोड़े हाथ
महिला के कुएं से बाहर नहीं आने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी शर्त पर अड़ी रही। आखिरकार पति ने ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगी। इसके बाद महिला शांत हुई और सुरक्षित बाहर आ गई। महिला के बाहर आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें- सिंधिया राजघराने की संपत्ति का विवाद: सहमति पत्र पर धोखे से कराए गए हस्ताक्षर? कोर्ट ने मांगे सबूत
घर में बाहर से ताला लगाने की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि पति घर से बाहर जाते समय मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा देता था, जिससे महिला घर के अंदर ही बंद रह जाती थी। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
