विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PUBG में हुआ प्यार, विनोद से शादी के लिए दिल्ली से शिवपुरी पहुंची अंजली; तीन महीने में दोनों ने किया सुसाइड

Published: Fri, 11 Oct 2024 11:35 PM (GMT+05:30)

Shivpuri मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक नवविवाहित जोड़े ने आत्महत्या कर ली। दोनों की तीन महीने पहले ही शादी ...और पढ़ें

पति का शव जमीन में और पत्नी का शव फंदे में लटका मिला। (सांकेतिक तस्वीर)
पति का शव जमीन में और पत्नी का शव फंदे में लटका मिला। (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. तीन महीने पहले परिवार की रजामंदी से हुई थी दोनों की शादी।
  2. शुक्रवार सुबह कमरे में पड़ा मिला दोनों का शव।

जेएनएन, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक नवविवाहित जोड़े का शव उनके कमरे में मिला। युवक का शव जहां जमीन पर पड़ा हुआ था तो वहीं युवती का शव फंदे से लटका हुआ था। जानकारी के अनुसार दोनों ने तीन माह पहले ही शादी हुई थी।

पुलिस के अनुसार मृत युवक का नाम विनोद जाटव है और उसकी उम्र 23 साल है। वहीं पत्नी का नाम अंजली है, जो कि 21 साल की है। दोनों की प्रेम कहानी भी दिलचस्प थी, जहां दिल्ली की रहने वाली अंजली को शिवपुरी के रहने वाले विनोद से ऑनलाइन पबजी गेम खेलने के दौरान प्यार हो गया।

दिल्ली से शिवपुरी पहुंची युवती

दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा की अंजली, विनोद को तलाशती हुई शिवपुरी तक आ पहुंची। फिर दोनों ने अपने माता-पिता के सामने प्यार और शादी की बात रखी। घरवाले भी शादी के लिए राजी हो गए। करीब तीन माह पहले ही दोनों का विवाह हुआ था।

ऐसे में अचानक दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ की आत्महत्या की नौबत आन पड़ी या फिर यह कोई अन्य मामला है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। पुलिस के मुताबिक थाना खनियाधाना क्षेत्र के चमरौआ में अपने निवास में जोड़े ने आत्महत्या की।

नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी दोनों एक साथ घर पर थे। शुक्रवार की सुबह जब वह सोकर नहीं उठे तो परिवार वालों ने जगाने के लिए दरवाजा खटकाया। जब अंदर से बहुत देर कर आवाज नहीं आई तो उन्होंने खिड़की से झांका। खिड़की से अंदर देखने पर परिवारवालों के होश उड़ गए, जहां उन्होंने देखा कि अंजली का शव फांसी पर लटका हुआ था और विनोद का शव जमीन पर पड़ा था।

सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। टीआई सहित तहसीलदार ने पंचनामा बनवा कर गेट तोड़ा और शव बरामद किया। खनियाधाना टीआई सुरेश शर्मा का कहना है कि मरने से पहले दीवार पर कुछ लिखा गया है, परंतु क्या लिखा है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके अलावा कमरे में कॉपी और पेन तो मिले हैं, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

शादी के लिए लिया था कर्ज

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया है कि शादी के लिए विनोद ने बाजार से ढाई लाख रुपये का कर्ज उठाया था। ग्रामीणों का संदेह है कि शायद कर्ज के चलते ही परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली हो और पति को मरा देख कर पत्नी ने फांसी लगा ली हो। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है।