शिवपुरी में माड़ा घाटी पर यात्रियों से भरी बस पलटी, महिलाओं-बच्चों समेत 12 घायल; मौके पर मची चीख-पुकार
शिवपुरी जिले में रन्नौद-शिवपुरी मार्ग पर माड़ा घाटी में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खंती में पलट गई। इस ...और पढ़ें

खंती में पलटी यात्री बस।
HighLights
शिवपुरी में यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खंती में पलटी।
हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित 10-12 यात्री घायल हुए।
खराब सड़क और गड्ढों के कारण हुआ यह हादसा, ग्रामीण आक्रोशित।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रन्नौद-शिवपुरी मार्ग पर माड़ा घाटी में यात्रियों से भरी रघुवंशी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंती में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे, जिनमें से 10 से 12 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
गड्ढों से बचने में बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के अनुसार, बस शिवपुरी से रन्नौद की ओर जा रही थी। इसी दौरान माड़ा घाटी के पास चालक ने सड़क पर बने गड्ढों से बचने के लिए बस को मोड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे गहरी खंती में जा पलटी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
बस पलटने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
हादसे के बाद माड़ा घाटी मार्ग की खराब हालत को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर लंबे समय से जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने संबंधित लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क दुरुस्त की जाती, तो ऐसे हादसों का खतरा कम किया जा सकता था।
फिलहाल हादसे में घायलों की स्थिति और दुर्घटना के सटीक कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
