शिवपुरी से ग्वालियर पति के साथ चिड़ियाघर घूमने पहुंची विवाहिता, गेट से हो गई गायब; CCTV में युवक संग बाइक पर जाते दिखी
ग्वालियर चिड़ियाघर घूमने आई एक 18 वर्षीय विवाहिता अचानक लापता हो गई। सीसीटीवी फुटेज में वह एक युवक की बाइक ...और पढ़ें

बाइक पर युवक संग जाती दिखी महिला। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
नरवर के ग्राम कांकर से पति संग ग्वालियर आई थी विवाहिता।
CCTV फुटेज में युवक की बाइक पर महल गेट की ओर जाती दिखी।
पति ने अरमान खान पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर के चिड़ियाघर में घूमने पहुंची 18 वर्षीय विवाहिता अचानक लापता हो गई। वह अपने पति के साथ शिवपुरी जिले के नरवर तहसील के ग्राम कांकर से आई थी। चिड़ियाघर के बाहर पार्किंग के दौरान पति कुछ देर के लिए उससे अलग हुआ और वापस लौटा तो पत्नी वहां नहीं मिली। पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला एक युवक की बाइक पर बैठकर महल गेट की ओर जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
महिला के पति गब्बर रजक ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को बाइक से अपनी पत्नी के साथ ग्वालियर आया था। हाईवे पर पत्नी ने चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई थी। उसने कहा था कि पहले चिड़ियाघर घूमेंगे और इसके बाद रिश्तेदारी में जाएंगे।
पार्किंग से लौटकर आया तो पत्नी गायब
पति के मुताबिक चिड़ियाघर पहुंचने के बाद उसने अपनी बाइक पार्किंग में खड़ी करने के लिए गेट की ओर रुख किया। इस दौरान पत्नी पार्किंग के गेट के पास ही खड़ी थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो पत्नी वहां मौजूद नहीं थी।
काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें महिला एक युवक की बाइक पर बैठकर महल गेट की दिशा में जाती हुई दिखाई दी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में मोमोज को लेकर हुआ विवाद, ठेले वाले ने छात्र पर उड़ेल दिया खौलता तेल; चेहरा व कान झुलसे
पति ने युवक पर जताया शक
लापता महिला के पति ने पुलिस के सामने आशंका जताई है कि अरमान खान नाम का युवक उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया हो सकता है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य जानकारी के आधार पर महिला और संदेही युवक की तलाश में जुटी है।
