विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में मोमोज को लेकर हुआ विवाद, ठेले वाले ने छात्र पर उड़ेल दिया खौलता तेल; चेहरा व कान झुलसे

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:13 PM (IST)

ग्वालियर में मोमोज की संख्या को लेकर हुए विवाद में एक ठेले वाले ने 18 वर्षीय छात्र पर खौलता तेल ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. ग्वालियर में मोमोज की संख्या को लेकर हुआ विवाद।

  2. ठेले वाले ने छात्र पर खौलता तेल फेंका, चेहरा झुलसा।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में मोमोज को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खौफनाक घटना में बदल गया। पुरानी रेशम मिल चौराहे पर एक ठेले से मोमोज खरीदने पहुंचे 18 वर्षीय छात्र ने प्लेट में संख्या कम होने की शिकायत की तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ठेले वाले ने गुस्से में आकर कड़ाही में रखा खौलता तेल छात्र के ऊपर फेंक दिया। इससे उसका चेहरा और कान गंभीर रूप से झुलस गए। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के तुरंत बाद आरोपी ठेला छोड़कर वहां से भाग निकला।

20 रुपये के मोमोज को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक पीड़ित शिवा उर्फ चेतन भदौरिया (18), निवासी न्यू रेशम मिल (प्रगति नगर), अपने दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था। रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर अंकित के मोमोज के ठेले पर रुके।

शिवा ने 20 रुपये के मोमोज का ऑर्डर दिया। प्लेट मिलने पर उसमें मोमोज कम नजर आए तो उसने विक्रेता से इसकी शिकायत की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बात को लेकर अंकित भड़क गया और छात्र से गाली-गलौज करने लगा।

धक्का देने के बाद कड़ाही से उड़ेल दिया तेल

शिवा ने जब अभद्रता का विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अंकित ने पहले छात्र को धक्का दिया और इसके बाद कड़ाही में रखा खौलता हुआ तेल उठाकर सीधे उस पर फेंक दिया।

तेल गिरते ही शिवा दर्द से चीखने लगा। उसके चेहरे और कान पर गंभीर जलने के निशान आए हैं। मौके पर मौजूद दोस्तों और राहगीरों ने तत्काल उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर में युवक के मोबाइल में मिले 40 से अधिक महिलाओं के अश्लील वीडियो, दोस्ती के बाद रिकॉर्डिंग का आरोप

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलने के बाद हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।