शिवपुरी में जमीन के लिए बड़ा भाई बना कातिल! पहले प्यार से छोटे भाई को घर बुलाया, फिर खेत में कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
शिवपुरी के कोलारस में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के रिजोदा गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर रिश्तों के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बड़े भाई पर अपने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपित ने पहले छोटे भाई को प्यार से घर बुलाया, रातभर अपने साथ रखा और अगले दिन खेत पर ट्रैक्टर चलाते समय पीछे से उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपित फरार होने के बजाय खुद रिश्तेदारों को फोन कर हत्या की जानकारी देने लगा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में जमीन और फसल के बंटवारे को विवाद की वजह माना जा रहा है।
जमीन के बंटवारे को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान घनश्याम उर्फ लल्लू रघुवंशी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बड़े भाई का नाम चंदा रघुवंशी बताया गया है। आरोप है कि करीब 22 बीघा पैतृक जमीन में छोटे भाई को हिस्सा देना आरोपित को मंजूर नहीं था।
बताया गया है कि लगभग एक साल पहले दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति का बंटवारा हुआ था। इसके बाद घनश्याम अपनी विधवा मां को लेकर गुना में रहने लगा था। आरोप है कि करीब छह महीने पहले चंदा ने पूरी फसल काटकर अपने पास रख ली थी। जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।
पहले घर बुलाया, फिर खेत पर ले गया
जानकारी के मुताबिक, घनश्याम गुरुवार को अपने गांव पहुंचा था। आरोप है कि चंदा ने उसे अपने घर पर रखा और सामान्य तरीके से बातचीत करता रहा। रात भी छोटे भाई ने बड़े भाई के घर पर बिताई।
यह भी पढ़ें- सरकारी नौकरी विरासत में नहीं मिल सकती, अनुकंपा नियुक्ति पर ग्वालियर हाई कोर्ट का अहम फैसला
अगली सुबह करीब 11 बजे चंदा उसे अपने साथ खेत पर ले गया। वहां मजदूर मक्का की कटाई कर रहे थे और घनश्याम ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान आरोप है कि चंदा ने पीछे से उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद रिश्तेदारों को किया फोन
घटना के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि उसने लल्लू की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा और पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया।
कोलारस के एसडीओपी संजय मिश्रा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में दोनों भाइयों के बीच जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
