ग्वालियर हादसा: ट्रॉमा सेंटर में घायलों की चीख-पुकार, उधर सिंधिया के लिए बिछने लगा ग्रीन कार्पेट; चर्चा बढ़ी तो कर्मियों ने समेटा
ग्वालियर हादसे के बाद अस्पताल में घायलों के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे के लिए ग्रीन मैट बिछाने ...और पढ़ें

ट्रॉमा सेंटर परिसर में बिछाया गया ग्रीन मैट। (वीडियो ग्रैब)
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर हादसे के घायलों से मिलने पहुंचने वाले थे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अस्पताल में सफाई के साथ ग्रीन मैट बिछाने की तैयारी; चर्चा बढ़ी तो समेटा कार्पेट
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में घायलों और उनके परिजनों की बेचैनी का माहौल था। कोई अपनों की सलामती के लिए परेशान था, तो कोई इलाज की जानकारी लेने के लिए इधर-उधर भटक रहा था।
इसी बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के घायलों से मिलने आने की सूचना पर अस्पताल परिसर में अलग ही नजारा देखने को मिला। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई शुरू हो गई। साथ ही ट्रॉमा सेंटर के बाहर ग्रीन कार्पेट जैसी मैट बिछाने की तैयारी भी होने लगी। इस नजारे ने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया।
बिछने लगी ग्रीन मैट
दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया के फोटो जर्नलिस्ट राकेश वर्मा के मुताबिक, ट्रॉमा सेंटर के बाहर ग्रीन मैट बिछाते कर्मचारियों को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।। जब किसी ने एक कर्मचारी से इसकी वजह पूछी, तो उसने कथित तौर पर कहा, "आप सब जानते तो हैं... सिंधिया जी आने वाले हैं। हम तो कर्मचारी हैं, ऊपर वालों का आदेश मानना पड़ेगा।"
हादसे में घायल लोगों के उपचार और देखरेख के बीच वीआईपी दौरे के लिए इस तरह की तैयारी देखकर परिसर में मौजूद लोग हैरान रह गए।
चर्चा बढ़ी तो कार्पेट समेटा, गड्ढे भरने की दी सफाई
ग्रीन मैट बिछाए जाने की बात अस्पताल परिसर में फैलने लगी। मामला अस्पताल प्रबंधन तक पहुंचा तो आनन-फानन कार्पेट को एक तरफ समेट दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों की ओर से सफाई दी गई कि मैट गड्ढों को ढंकने के लिए बिछाई जा रही थी। कुछ ही देर में गड्ढों पर सीमेंट का लेप लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया।
इस दौरान ट्रॉमा सेंटर में साफ-सफाई जारी रही और हादसे में घायल लोगों का उपचार किया जाता रहा।
हादसे के बीच वीआईपी तैयारियों पर उठे सवाल
शीतला माता मंदिर हादसे के बाद अस्पताल में घायलों के उपचार और उनके परिजनों को राहत देने की चुनौती बनी हुई थी। ऐसे समय में केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर ग्रीन मैट बिछाने की तैयारी और फिर उसे समेटने के घटनाक्रम ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया घायलों का हाल जानने ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। हादसे के पीड़ितों के बीच वीआईपी दौरे की तैयारियों को लेकर सामने आया यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया।
