सागर-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक से बचने की कोशिश में पेड़ से भिड़ी कार, 2 की मौत; 3 गंभीर घायल
सागर-कानपुर हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल ...और पढ़ें

पेड़ से टकराने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। (फोटो- जागरण)
HighLights
रिश्तेदार का हाल जानने शाहगढ़ जा रहे थे कार से पांच लोग।
खैरो गांव के पास ट्रक से बचने की कोशिश में दर्दनाक हादसा।
तीन घायलों को गंभीर चोटें व फ्रैक्चर, अस्पताल में भर्ती कराया।
डिजिटल डेस्क, छतरपुर। सागर जिले के शाहगढ़ में सड़क हादसे में घायल रिश्तेदार का हाल जानने निकले पांच लोगों की कार खुद हादसे का शिकार हो गई। सागर-कानपुर हाईवे पर मातगुवां थाना क्षेत्र के खैरौ गांव के पास सामने से आए ट्रक को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे शाहगढ़
जानकारी के मुताबिक, छतरपुर के नटपुरवा निवासी पांच लोग कार से सागर जिले के शाहगढ़ जा रहे थे। शाहगढ़ में उनके एक रिश्तेदार सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे। इसी की जानकारी मिलने के बाद सभी उनका हाल जानने के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में खैरौ गांव के पास सामने से एक ट्रक आ गया। उसे बचाने की कोशिश में कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
दुर्घटना में प्यारे खान (65) और रसीद खान (26) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शरीफ खान (45), शहराज खान (27) और सलमान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 और मातगुवां थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल छतरपुर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर बताए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
मर्ग कायम, हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मातगुवां थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के पीछे की वजहों की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक को बचाने के दौरान कार का नियंत्रण बिगड़ना सामने आया है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
