IAS IPS Transfer: CM के ग्वालियर दौरे के बाद कमिश्नर, कलेक्टर और SP बदले; 6 आईएएस, 2 आईपीएस अधिकारियों के भी तबादले
MP IAS IPS Transfer सीएम मोहन यादव के ग्वालियर दौरे के बाद प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। ग्वालियर कमिश्नर दीपक सिंह को माल सिंह भयडिया की जगह इंदौर कमिश्रर और आयुक्त फील्ड नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार दिया है। वहीं ग्वालियर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को मंत्रालय में अपर सचिव पदस्थ किया है। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह अब सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय होंगे।
जेएनए, भोपाल। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के ग्वालियर दौरे के बाद प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। सामान्य प्रशासन विभाग ने कमिश्नर, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के तबादले कर दिए हैं। ग्वालियर कमिश्नर दीपक सिंह को माल सिंह भयडिया की जगह इंदौर कमिश्रर और आयुक्त फील्ड नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
वहीं, ग्वालियर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को मंत्रालय में अपर सचिव पदस्थ किया है। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह अब सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय होंगे।
आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले
देर रात सामान्य प्रशासन ने आइएएस और गृह विभाग ने दो आइपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। इनमें से कुछ अधिकारियों को लगातार एक संभाग में पदस्थ रहते तीन वर्ष होने और कुछ को प्रशासनिक जमावट के हिसाब से बदला गया है।
मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने आनंद विभाग के प्रमुख सचिव संजीव कुमार झा को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी सह आयुक्त चंबल संभाग बनाया है। यह दायित्व अभी अतिरिक्त प्रभार के रूप में दीपक सिंह देख रहे थे। ग्वालियर कमिश्नर आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं डा.सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को बनाया है।
दूसरी ओर इंदौर के कमिश्रर माल सिंह भयडिया को मंत्रालय में सचिव पदस्थ किया है। भयडिया हरदा पटाखा फैक्ट्री को कलेक्टर के सील करने की कार्यवाही पर स्थगन देने के मामले से चर्चा में आए थे। ग्वालियर कलेक्टर अब मंत्रालय में पदस्थ अपर सचिव रूचिका चौहान होंगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह को बनाया है। वे अभी खरगोन में पुलिस अधीक्षक हैं।