बच्चे मम्मी-मम्मी पुकारते रहे, पति मिन्नतें कर रोकता रहा... फिर भी चौथी मंजिल से कूद गई महिला; मुरैना में रूह कंपाने वाली घटना
मुरैना में एक महिला ने अपने बच्चों और पति के रोकने के बावजूद चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे ...और पढ़ें

छज्जे से लटकी महिला ने लगाई छलांग। (वीडियो ग्रैब)
डिजिटल डेस्क, मुरैना। प्रदेश के मुरैना में सोमवार तड़के एक महिला के चौथी मंजिल से छलांग लगाने की घटना सामने आई है। मकान के छज्जे की रेलिंग पकड़कर खड़ी महिला को उसके बच्चे लगातार ‘मम्मी-मम्मी’ कहकर पुकारते रहे। नीचे खड़े पति और अन्य लोगों ने भी उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन महिला ने किसी की बात नहीं मानी और छलांग लगा दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। महिला को बचाने के प्रयास में एक बुजुर्ग के हाथों में भी चोट आई है।
घटना सोमवार सुबह करीब चार बजे शहर के नैनागढ़ रोड की बताई जा रही है। मंगलवार दोपहर इस घटनाक्रम के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया।
बच्चों की पुकार और लोगों की गुहार अनसुनी
वायरल वीडियो में महिला मकान की चौथी मंजिल के छज्जे की रेलिंग पकड़े खड़ी दिखाई दे रही है। दूसरी और तीसरी मंजिल के छज्जों पर बच्चे और अन्य लोग मौजूद हैं। महिला के बच्चे उसे ‘मम्मी-मम्मी’ कहकर नीचे उतरने के लिए पुकारते नजर आते हैं।
वहीं, मकान के नीचे सड़क किनारे उसका पति, एक बुजुर्ग और कुछ अन्य लोग खड़े दिखाई देते हैं। सभी महिला को कूदने से रोकने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान महिला अचानक नीचे छलांग लगा देती है।
बचाने की कोशिश में बुजुर्ग घायल
महिला की पहचान 30 वर्षीय भूमि शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भूमि के पति हरेंद्र शर्मा डेयरी का कारोबार करते हैं। परिवार मूल रूप से अंबाह का रहने वाला है और करीब एक साल पहले मुरैना आकर नैनागढ़ रोड स्थित किराए के मकान में रहने लगा था।
महिला को नीचे गिरता देख मकान के पास मौजूद बुजुर्ग और एक अन्य व्यक्ति ने उसे हाथों से संभालने की कोशिश की। हालांकि, महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे भी बचाने के प्रयास में बुजुर्ग के हाथों में चोट लग गई।
महिला के आत्मघाती कदम की वजह स्पष्ट नहीं
घटना के बाद भूमि शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। फिलहाल उसके इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी इस संबंध में कुछ बताने को तैयार नहीं हैं।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
