पति पार्किंग में गया, दूसरे पुरुष संग बाइक पर बैठकर गायब हुई नवविवाहिता पत्नी; 20 दिन बाद लौटी तो ग्वालियर पुलिस को बताई नई कहानी
ग्वालियर चिड़ियाघर से 20 दिन पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुई 18 वर्षीय सुहाना रजक वापस लौट आई है। उसने ...और पढ़ें

सीसीटीवी में किसी युवक संग बाइक पर बैठकर जाती दिखी नवविवाहिता। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
शिवपुरी से ग्वालियर पति संग घूमने आई थी सुहाना।
पांच माह पहले शादी, चिड़ियाघर के सामने से हुई थी गायब।
20 दिन बाद लौटकर बोली- भागी नहीं, लिफ्ट ली थी।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर के फूलबाग स्थित चिड़ियाघर के बाहर से रहस्यमय तरीके से लापता हुई 18 वर्षीय सुहाना रजक 20 दिन बाद वापस लौट आई है। छह अक्टूबर को हुई इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि पति के महज 26 सेकंड के लिए दूर जाते ही सुहाना गायब हो गई थी। बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह दौड़कर एक दूसरी बाइक पर बैठती दिखाई दी थी। अब लौटने के बाद सुहाना ने पुलिस को जो कहानी बताई है, उससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।
सुहाना का दावा है कि वह किसी के साथ भागी नहीं थी, बल्कि उसने एक बाइक सवार से लिफ्ट ली थी। उसके मुताबिक, बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़कर चला गया। इसके बाद रास्ता भटकने पर वह एक झोंपड़ी में रहने लगी। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में वह अपने गायब होने की परिस्थितियों से जुड़े कई सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी। फिलहाल वह पति के साथ जाने को तैयार नहीं है और किसी प्रेमी के साथ जाने की बात भी स्वीकार नहीं कर रही है। पुलिस उसे नारी निकेतन भेजने की प्रक्रिया पर विचार कर रही है।
शादी के पांच महीने बाद घूमने आई थी ग्वालियर
जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी निवासी करण रजक छह अक्टूबर को एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पत्नी सुहाना के साथ ग्वालियर आया था। दोनों की शादी को महज पांच महीने हुए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सुहाना ने ग्वालियर का चिड़ियाघर घूमने की इच्छा जताई। इसके बाद करण उसे बाइक से लेकर फूलबाग स्थित चिड़ियाघर पहुंचा।
दोपहर करीब 3 बजकर 9 मिनट 29 सेकंड पर सुहाना ने करण से बाइक पार्किंग में खड़ी करने के लिए कहा। करण बाइक लेकर पार्किंग की ओर गया और लगभग 26 सेकंड बाद लौटा, तो सुहाना वहां से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
CCTV में दूसरी बाइक पर बैठकर जाती दिखी थी सुहाना
पत्नी के अचानक लापता होने से परेशान करण ने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद उसने अपने परिजनों, सुहाना के परिवार और रिश्तेदारों से संपर्क किया। कहीं से कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसने पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने चिड़ियाघर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें करण के बाइक लेकर जाने के बाद एक दूसरी बाइक तेजी से आती दिखाई दी। फुटेज में सुहाना दौड़कर उस बाइक पर बैठती नजर आई। इस घटनाक्रम ने मामले को संदिग्ध बना दिया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की थी।
यह भी पढ़ें- पटवारी की नौकरी का सपना दिखाकर 50 लाख ठगे, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर बेरोजगारों को फंसाया; ग्वालियर में तीन पर केस
20 दिन बाद लौटी, बोली- बाइक सवार से ली थी लिफ्ट
करीब 20 दिन बाद लौटने पर पुलिस ने सुहाना से पूछताछ की। उसने बताया कि वह बाइक सवार के साथ भागी नहीं थी, बल्कि लिफ्ट लेकर गई थी। उसके अनुसार, बाइक सवार उसे बहोड़ापुर के मोतीझील इलाके में छोड़ गया था। वहां पहुंचने के बाद रास्ता भटकने के कारण वह एक झोंपड़ी में रहने लगी।
लेकिन सुहाना के इस बयान से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। पति के साथ चिड़ियाघर घूमने आई सुहाना को आखिर अचानक लिफ्ट लेने की जरूरत क्यों पड़ी? सीसीटीवी फुटेज में वह दौड़कर बाइक पर बैठती क्यों दिखाई दी? मोतीझील में जिस झोंपड़ी में रहने का दावा वह कर रही है, वह जगह कहां है?
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान इन सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं मिल सके हैं। सुहाना फिलहाल पति के साथ जाने से इनकार कर रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों और उसके बयान की जांच कर रही है।
