बीहड़ में चल रहा था नकली शराब का कारखाना : मुरैना में 1000 लीटर शराब जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार
मुरैना पुलिस ने माता बसैया क्षेत्र में एक अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। आसन नदी किनारे बीहड़ में ...और पढ़ें

मुरैना में पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व जब्त नकली शराब।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मुरैना जिले में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माता बसैया थाना क्षेत्र में नकली शराब बनाने का प्लांट पकड़ा है। आसन नदी किनारे नाका गांव के बीहड़ क्षेत्र में संचालित इस अवैध फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली शराब और केमिकल बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
माता बसैया थाना प्रभारी अरुण कुशवाह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। बीहड़ के सुनसान इलाके में झोपड़ी बनाकर लंबे समय से अवैध शराब तैयार की जा रही थी। सूचना पुख्ता होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और पूरे प्लांट का भंडाफोड़ किया।
यह भी पढ़ें- आवारा कुत्तों का आतंक : ग्वालियर में साढ़े तीन साल के मासूम पर किया हमला, चेहरे पर आए 25 टांके, नगर निगम बेपरवाह
अवैध शराब और स्प्रिट बरामद
पुलिस ने मौके से करीब 1000 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इसके साथ ही 600 लीटर ओपी (स्प्रिट) केमिकल भी मिला है, जिसका इस्तेमाल नकली शराब तैयार करने में किया जा रहा था। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 12 बोर की राइफल और चार कारतूस भी बरामद किए गए।
गांवों में खपाई जाती थी नकली शराब
पुलिस जांच में सामने आया है कि यहां तैयार की जाने वाली नकली शराब को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। शराब को असली दिखाने के लिए उसे आबकारी विभाग के ठेकों पर मिलने वाली शराब जैसे ही कार्टनों में पैक किया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने सभी सातों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
