कूनो में चीतों की मौत पर पर्दा? वन विभाग ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने से किया इनकार; कहा- 'यह राष्ट्रीय विषय'
कूनो नेशनल पार्क में चीतों की मौत के कारणों पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि वन विभाग ने उनकी पोस्टमार्टम ...और पढ़ें

कूनो नेशनल पार्क। (फाइल फोटो)
HighLights
कूनों में चीतों की मौत के मूल कारण नहीं आ रहे सामने।
राष्ट्रीय हित का हवाला देकर RTI आवेदन खारिज किया।
कूनो अभयारण्य में अब तक 28 चीतों की मौत हो चुकी है।
डिजिटल डेस्क, श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्वास परियोजना के तहत बसाए गए चीतों की मौत के कारणों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कई चीतों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बावजूद उनके मरने की वास्तविक वजह सार्वजनिक नहीं हो सकी है। अब वन विभाग ने सूचना का अधिकार (RTI) के तहत पोस्टमार्टम रिपोर्ट साझा करने से भी इनकार कर दिया है। विभाग ने इसके लिए राष्ट्रीय हित का हवाला देते हुए सूचना के अधिकार अधिनियम की धारा 8(1)(ए) का उल्लेख किया है।
वन्यजीव कार्यकर्ता की RTI पर विभाग का जवाब
वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने वन विभाग से चीतों की मौत से जुड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी मांगी थी। जवाब में विभाग ने कहा कि आरटीआई अधिनियम की धारा 8(1)(ए) के तहत यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
इस प्रावधान के तहत ऐसी कुछ सूचनाओं को सार्वजनिक करने से छूट दी गई है, जिनके खुलासे से भारत की संप्रभुता और अखंडता, सुरक्षा, रणनीतिक या आर्थिक हितों अथवा किसी विदेशी देश के साथ संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विभाग ने इसी प्रावधान का हवाला देकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने से इनकार किया है।
चार साल में 28 मौतें
भारत में चीता पुनर्वास परियोजना की शुरुआत 17 सितंबर 2022 को हुई थी। इसके बाद से कूनो में शावकों सहित अब तक 28 चीतों की मौत हो चुकी है। वर्ष 2026 में ही अब तक सात चीतों की जान जा चुकी है।
चीतों की मौतों के मामलों में कई बार बीमारी, दुर्घटना या अन्य संभावित कारणों को लेकर सवाल उठे हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने से प्रत्येक मामले में मौत की वजह से जुड़ी जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रही है।
यह भी पढ़ें- कूनो से आई बुरी खबर: आशा चीता के आठ माह के शावक की मौत; सर्चिंग के दौरान जंगल में मिला शव
आशा के शावक की मौत पर भी उठे सवाल
12 अक्टूबर को चीता आशा का एक शावक मृत मिला था। सामने आई जानकारी के अनुसार, शावक मां के साथ दिखाई नहीं दे रहा था। तलाश के दौरान उसका शव मिला। इस मामले में भी मौत की विस्तृत वजह को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
कूनो में अब तक चीता व शावकों की मौत
कुल : 28 (वयस्क 11, शावक 17)
2023 : 6 वयस्क + 3 शावक = 9
2024: 2 वयस्क + 4 शावक = 6
2025: 1 वयस्क + 5 शावक = 6
2026 (अब तक): 2 वयस्क + 5 शावक = 7 मौतें
