छतरपुर में अजयपार धाम के बाबा के पैरों से लिपटा सांप, घबराहट में गश खाकर गिरे; अस्पताल में भर्ती
छतरपुर के अजयपार धाम से जुड़े करण कुशवाहा के पैरों से पूजा के दौरान अचानक सांप लिपट गया, जिससे वे ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती अजयपार धाम के बाबा करण कुशवाहा। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)
डिजिटल डेस्क, छतरपुर। प्रदेश के छतरपुर जिले में अजयपार धाम से जुड़े करण कुशवाहा के साथ बुधवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। पूजा और दर्शन के दौरान अचानक एक सांप उनके पैरों से लिपट गया। सांप को देखकर करण बेहद घबरा गए और थोड़ी देर बाद वह गश खाकर गिर पड़े। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल छतरपुर के क्रिश्चियन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही करण के परिजन, सेवादार और समर्थक अस्पताल पहुंचने लगे। शुरुआत में सांप के काटने की आशंका से सभी चिंतित हो गए थे। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल सांप के काटने के स्पष्ट सबूत नहीं मिले हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें 12 घंटे तक निगरानी में रखने का निर्णय लिया गया।
पूजा के लिए गए थे, अचानक पैरों से लिपटा सांप
उनके एक सेवादार ने बताया कि घटना के समय वह ध्यान में थे। वह मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए जा रहे थे, तभी अचानक उनके पैरों के पास सांप आ गया और उनसे लिपट गया। सांप को देखकर करण घबरा गए। उन्होंने उसे पैरों से अलग करने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें चक्कर आने लगे और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
इसके बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी जांच की और स्थिति पर नजर रखनी शुरू की।
सर्पदंश के स्पष्ट निशान नहीं मिले
अस्पताल में भर्ती करण की स्थिति को लेकर उनके समर्थकों में चिंता बनी हुई थी। सेवादार आशीष कुशवाहा के अनुसार, डॉक्टरों ने फिलहाल सांप के काटने के स्पष्ट सबूत नहीं मिलने की जानकारी दी है। करण की हालत स्थिर बताई गई है। वे बातचीत कर रहे हैं और लोगों को पहचान भी रहे हैं। हालांकि, एहतियात के तौर पर उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
यह भी पढ़ें- सिंधिया राजघराने की संपत्ति का विवाद: सहमति पत्र पर धोखे से कराए गए हस्ताक्षर? कोर्ट ने मांगे सबूत
धीरेंद्र शास्त्री की तर्ज पर लगाते हैं दरबार
करण कुशवाहा छतरपुर जिले के अजयपार धाम से जुड़े हैं। वे दरबार लगाते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उनके दरबार की तुलना बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार से भी की जाती है। घटना की खबर फैलने के बाद उनके अनुयायियों और परिचितों में चिंता का माहौल बन गया।
