'नौकर बनने आया था डिब्बा, बन गया मालिक', ज्योतिरादित्य सिंधिया ने युवाओं को दी मोबाइल की लत से बचने की सलाह
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में युवाओं को मोबाइल की लत से बचने की सलाह दी, इसे 'डिब्बा' कहकर संबोधित किया।

सिंधिया ने मोबाइल को 'डिब्बा' कहकर युवाओं को चेताया (फोटो क्रेडिट- आईएएनएस)
HighLights
सिंधिया ने मोबाइल को 'डिब्बा' कहकर युवाओं को चेताया
कहा, मोबाइल नौकर बनने आया था, अब मालिक बन गया
युवाओं को किताबें पढ़ने, दोस्तों से मिलने की सलाह दी
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मैं डिब्बा (मोबाइल) मंत्री हूं, लेकिन यह बुरी बीमारी है। यह डिब्बा माता-पिता, भाई-बहन से दूर कर देता है। एक परिवार में यदि चार सदस्य हैं, तो सभी मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं। आपस में बात नहीं करते। अरे, किताबें पढ़ो, दोस्तों से मिलो। गेम्स से दोस्ती करो। आज का युवा इस डिब्बे में कैद हो गया है।
यह डिब्बा नौकर बनने आया था, अब मालिक बन गया है। ये बातें केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ‘यंग थिंकर्स कंफ्लुएंस-2026’ के आठवें सम्मेलन में युवाओं को संबोधित करते हुए कहीं।
यह आयोजन लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआइपीई) में यंग थिंकर फोरम की ओर से आयोजित किया जा रहा है। सिंधिया ने कहा कि हमारे जमाने में बाहर खेलते थे, गिरते थे, चोट लगती थी।
आज युवा न बाहर जाते हैं, न खेलते हैं। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि एक दिन मैंने रात 10 बजे इंस्टाग्राम खोला, रात एक बजे घड़ी देखी, तीन घंटे कहां गए पता ही नहीं चला, तब से मैंने प्रण लिया कि मैं मोबाइल तभी देखूंगा, जब मेरे मतलब की कोई चीज आएगी।
उन्होंने कहा कि मोबाइल का इस्तेमाल अपनी क्षमता बढ़ाने, दुनिया के नवाचार से जुड़ने और व्यापार के नए अवसर तलाशने के लिए करें। सिंधिया ने कहा कि भारत जैसी मानव संसाधन क्षमता दुनिया के किसी दूसरे देश के पास नहीं है और विकसित भारत 2047 का सपना युवा शक्ति के दम पर ही साकार होगा।