विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में दिल दहलाने वाली घटना : सागर ताल में कूदे तीन भाई-बहन, एक की मौत; घर में मिला चौथे भाई का शव

Published: Tue, 07 Apr 2026 06:19 PM (IST)Updated: Tue, 07 Apr 2026 08:45 PM (IST)

ग्वालियर के सागर ताल में तीन भाई-बहनों ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें एक भाई बबलू खान की मौत हो ...और पढ़ें

कैमरे के सामने दुखड़ा रोता इदरीश खान। (वीडियो ग्रैब)

कैमरे के सामने दुखड़ा रोता इदरीश खान। (वीडियो ग्रैब)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित सागर ताल में मंगलवार दोपहर एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों द्वारा आत्महत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। करीब साढ़े तीन बजे दो भाई और एक बहन ने सागर ताल में कूदकर जान देने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से तीनों को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। फेफडों में पानी भर जाने के कारण से इलाज के दौरान बबलू खान की मौत हो गई। वहीं बड़े भाई इदरीश खान और बहन यास्मीन की हालत स्थिर बताई जा रही है।

घर में पड़ा था एक और शव

घटना के बाद जब पुलिस जांच के लिए इनके घर पहुंची तो एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आत्महत्या के लिए कूदने वालों के बड़े भाई रहीस खान का शव घर के अंदर मिला। शव पुराना बताया जा रहा है और उसकी मृत्यु बीमारी से होने की बात कही जा रही है। सही स्थिति का पता पोस्टमार्टम के बाद हो सकेगा। यह चारों भाई-बहन जनकगंज थाना क्षेत्र के ढोलीबुआ इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

रिश्तेदारों-पड़ोसियों पर लगाए आरोप

बहोड़ापुर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इदरीश खान ने कोई बात स्पष्ट नहीं बताई, लेकिन उसने रिश्तेदारों और पड़ोसियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इदरीश का कहना है कि परिवार लंबे समय से मानसिक दबाव में था। उसने यह भी दावा किया कि उसके पिता सरकारी प्रेस में काम करते थे और परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा था। इदरीश ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसियों और परिवार ने कभी उनका साथ नहीं दिया। अपने भाई को समय पर सही इलाज नहीं मिलने की बात भी उसने पूछताछ में कही।

मानसिक स्थिति की जांच कराएंगे

पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है। इदरीश की मानसिक स्थिति की भी चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे मानसिक कारण थे या किसी प्रकार का बाहरी दबाव। साथ ही, घर में मृत मिले रहीस खान की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर के अचलेश्वर मंदिर में पुजारी ने श्रद्धालु से की अभद्रता-मारपीट, धमकाते हुए कहा- तांत्रिक क्रिया कर दूंगा

पड़ोसियों से बोलचाल नहीं थी

पुलिस पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके। प्राथमिक तौर पर यह सामने आया है कि यह परिवार किसी से बातचीत नहीं करता था। पड़ोसियों से भी इनका कोई संवाद नहीं होता था। आम तौर पर लोग एक-दूसरे के घर आते-जाते हैं, इनका किसी के घर आना-जाना भी नहीं था।

सागर ताल में कूद एक परिवार के तीन-भाई बहनों ने आत्महत्या का प्रयास किया। उनमें से एक भाई की मौत हो गई। दूसरे भाई व बहन का उपचार चल रहा है। मामले की जांच कर रहे हैं। घर पर मिले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत की वजह पता चल सके।
-आलोक परिहार, थाना प्रभारी, बहोड़ापुर